खाद्य मंत्री श्री मोहले ने मंडी प्रांगण में बैंक का किया शुभारंभ
रायपुर, 23 अप्रैल 2011
खाद्य, एवं नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री पुन्नूलाल मोहले ने बिलासपुर जिले के कृषि उपज मंडी प्रांगण मुंगेली में एच.डी.एफ.सी. बैक की शाखा का शुभारंभ किया। श्री मोहले ने शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बैंक खुलने से मंडी आने वाले किसानों और व्यापारियों को फायदा होगा। मंडी में अनाज बिक्री के बाद जो चेक किसानों को मिलेगा उसे वे बैंक से भुगतान तत्काल प्राप्त कर सकेंगे और वे बैंक में अपनी राशि तुरंत जमा भी कर सकेंगे। श्री मोहले ने कहा कि इस बैंक के खुल जाने से व्यापारियों को भी लेन देन की सुविधा मंडी परिसर में मिल गयी है, जिससे मंडी में कारोबार अच्छा चलेगा। उन्होंने कहा कि इस बैंक में एटीएम की सुविधा सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं भी रहेगी उन्होंने बैंक अधिकारियों से कहा कि वे किसानों को क्रेडिट कार्ड की सुविधाएं भी बैंक शाखा से उपलब्ध कराएं। उन्होंने किसानों से कहा कि इस बैंक से उन्हें कर्ज भी मिलेगा और जमा राशि पर ब्याज भी मिलेगा। इस अवसर पर नगर पालिका के अध्यक्ष श्री शैलेष पाठक, बैंक प्रबंधक श्री विश्वनाथ घोष सहित मंडी बोर्ड और बैंक के अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक-381/लहरे

