गरीबों के लिए जिलों को 3.75 लाख क्विंटल गेहूं का आवंटन जारी
रायपुर, 25 नवंबर 2010
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राज्य शासन द्वारा गरीबी रेखा श्रेणी के नीचे (बी.पी.एल.) परिवारों तथा मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के राशन कार्ड धारकों के लिए प्रदेश के सभी जिलों को आगामी माह दिसम्बर के लिए तीन लाख 75 हजार 903 क्विंटल गेहूं का आवंटन जारी किया गया है। गेहूं का आवंटन खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय द्वारा जारी किया गया है। पात्रता रखने वाले राशन कार्ड धारकों को गेहूं का वितरण उचित मूल्य दुकानों से किया जाएगा।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि कबीरधाम (कवर्धा) जिले को 12 हजार 368 क्विंटल, उत्तर बस्तर (कांकेर) को 12 हजार 319 क्विंटल, कोरबा को 20 हजार 48 क्विंटल, कोरिया को नौ हजार 376 क्विंटल, जशपुर को 11 हजार 770 क्विंटल, जांजगीर चांपा को 24 हजार 679 क्विंटल, दुर्ग को 40 हजार 418, धमतरी को 10 लाख 846 क्विंटल, नारायणपुर को एक हजार 816 क्विंटल, बस्तर (जगदलपुर) को 28 हजार 209 क्विंटल, बिलासपुर को 42 हजार 713 क्विंटल, बीजापुर को पांच हजार 496 क्विंटल, महासमुंद को 19 हजार दो क्विंटल, राजनांदगांव 19 हजार 930 क्विंटल, रायगढ़ को 21 हजार 681 क्विंटल, रायपुर को 54 हजार 241 क्विंटल और सरगुजा (अम्बिकापुर) जिले को 40 हजार 994 क्विंटल गेहूं का आवंटन जारी किया गया है।

