ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधुनिक शिक्षा की जरूरत : श्री मोहले
खाद्य मंत्री द्वारा 3.60 करोड़ की लागत से बनने वाले मॉडल स्कूल और हाईस्कूल भवन का भूमिपूजन
रायपुर, एक दिसम्बर 2011
खाद्य, नागरिक आपूर्ति और ग्रामोद्योग मंत्री श्री पुन्नूलाल मोहले ने कल बिलासपुर जिले के विकासखंड मुंगेली के ग्राम फुलवारी में तीन करोड़ दो लाख रूपए की लागत से निर्मित होने वाले मॉडल स्कूल और ग्राम पदमपुर में 58 लाख 12 हजार रूपए की लागत से निर्मित होने वाले हाईस्कूल भवन की आधारशिला रखकर मुंगेली क्षेत्र के लोगों को एक नई सौगात दी। इस अवसर पर श्री मोहले ने कहा कि विकास के पहली सीढ़ी शिक्षा है। नगरीय क्षेत्रों की भांति ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास के लिए आधुनिक शिक्षा की जरूरत है, जिसे पूरा करने के लिए राज्य शासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
श्री मोहले ने कहा कि मुंगेली क्षेत्र को मॉडल स्कूल की जो उपलब्धि हासिल हो रही है, यह क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। इस स्कूल में ग्राम फुलवारी सहित पूरे क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से पढ़ने और आगे बढ़ने का मौका मिलेगा तथा इस मॉडल स्कूल से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी आधुनिक शिक्षा की सभी शिक्षाएं प्राप्त होगी। मॉडल स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए छात्रावास, पौष्टिक भोजन, खेल की सुविधा सहित उनके सम्पूर्ण विकास के लिए सभी साधन उपलब्ध होंगे। इस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे भी डॉक्टर, इंजीनियर और उच्च प्रशासनिक अधिकारी बनेंगे और अपने गांव व क्षेत्र को नई पहचान दिलाएंगे। श्री मोहले ने ग्राम पदमपुर में हाईस्कूल भवन का शिलान्यास करते हुए कहा कि ग्रामीणजन पहले अपने गांव के विकास के लिए जो कल्पना करते थे वह अब साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुविधाएं बढ़ने से शिक्षा का स्तर भी बढ़ता है। इस ओर राज्य शासन द्वारा सकारात्मक प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुंगेली क्षेत्र में विकास के लिए सी.सी. रोड, मुक्तिधाम, पचरी निर्माण, तालाब गहरीकरण, एनीकट निर्माण सहित अनेक कार्य किए गए हैं।
श्री मोहले ने ग्रामीणों की मांग पर ग्राम तोताकांपा सड़क डामरीकरण का प्रस्ताव बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। श्री मोहले ने कहा कि एक जनवरी 2012 से मुंगेली एक अलग जिला बन जाएगा। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मुंगेली जिला बन जाने से क्षेत्र के लोगों को अनेक प्रकार की सुविधाएं मिल सकेगी। लोगों के जिला प्रशासन से संबंधित कार्यों के लिए बिलासपुर नहीं जाना पड़ेगा। श्री मोहले ने ग्रोमोद्योग विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन स्तर को उपर उठाने की ग्रामीणों से अपील की। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्री चोवादास खाण्डेकर, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष श्री तरूण खाण्डेकर सहित बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं और ग्रामीणजन उपस्थित थे।

