दिसम्बर माह के लिए जिलों को अमृत नमक आवंटित
रायपुर, 27 नवम्बर 2010
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राज्य शासन द्वारा बी.पी.एल. परिवारों और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के राशन कार्ड धारकों के लिए प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को आगामी माह दिसम्बर के लिए 68 हजार 227 क्विंटल आयोडीन युक्त छत्तीसगढ़ अमृत नमक का आवंटन जारी किया गया है। इसका आवंटन खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय द्वारा जारी किया गया है। पात्रता रखने वाले राशन कार्ड धारकों को उचित मूल्य दुकानों से प्रति राशन कार्ड दो किलो आयोडीन युक्त छत्तीसगढ़ अमृत नमक का वितरण किया जाएगा।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि कबीरधाम (कवर्धा) जिले को दो हजार 397 क्विंटल अमृत नमक, उत्तर बस्तर (कांकेर) को दो हजार 53 क्विंटल, कोरबा को तीन हजार 43 क्विंटल, कोरिया को एक हजार 680 क्विंटल, जशपुर को दो हजार 46 क्विंटल, जांजगीर-चांपा को चार हजार 381 क्विंटल, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा को एक हजार 859 क्विंटल, दुर्ग को सात हजार 955 क्विंटल, धमतरी को एक हजार 903 क्विंटल, नारायणपुर को 402 क्विंटल, बस्तर (जगदलपुर) को चार हजार 420 क्विंटल, बिलासपुर को सात हजार 658 क्विंटल, बीजापुर को 892 क्विंटल, महासमुंद को तीन हजार 246 क्विंटल, राजनांदगांव को तीन हजार 573 क्विंटल, रायगढ़ को तीन हजार 952 क्विंटल, रायपुर को नौ हजार 495 और सरगुजा (अम्बिकापुर) जिले को सात हजार 238 क्विंटल आयोडीन युक्त छत्तीसगढ़ अमृत नमक का आवंटन जारी किया किया गया है।

