खाद्य मंत्री आज कांकेर में करेंगे धान खरीदी की समीक्षा
रायपुर, 7 दिसम्बर 2011
धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा के लिए प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री पुन्नूलाल मोहले जिलों का लगातार दौरा कर रहे हैं। उन्होंने आज जिला मुख्यालय महासमुंद में इस सिलसिले में अधिकारियों की बैठक ली। श्री मोहले कल आठ दिसम्बर को उत्तर बस्तर जिले के मुख्यालय कांकेर में विभागीय अधिकारियों सहित धान खरीदी व्यवस्था से जुडे सहकारिता विभाग, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक और जिला सहकारी विपणन संघ के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। यह बैठक कलेक्टोरेट के सभा कक्ष में दोपहर एक बजे शुरू होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री मोहले 8 दिसम्बर को प्रात: 10.30 बजे रायपुर से प्रस्थान कर दोपहर 12.30 बजे उत्तर बस्तर (कांकेर) पहुंचेंगे और वहां स्थानीय विश्राम गृह में स्थानीय नागरिकों तथा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। श्री मोहले दोपहर एक बजे उत्तर बस्तर (कांकेर) के कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन दुकानों की काम काज की समीक्षा करेंगे। श्री मोहले शाम 4.00 बजे वहा से प्रस्थान कर शाम 6.00 बजे रायपुर लौट आएंगे।

