ग्राम सुराज अभियान सरकार और जनता के बीच दूरी को कम करने का सर्वोत्तम माध्यम : श्री अशोक बजाज
रायपुर 24 अप्रैल, 2011

छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष श्री अशोक बजाज प्रदेश व्यापी ग्राम सुराज अभियान के तहत रायपुर जिले के गरियाबंद विकासखण्ड के ग्राम मालगांव और अभनपुर विकासखण्ड के ग्राम टोकरों में शामिल हुए। उन्होंने वहां ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम सुराज अभियान सरकार और जनता के बीच की दूरी को कम करने का अभियान है। श्री बजाज ने इस अवसर पर किसानों को सिंचाई पंप, स्प्रेयर, थ्रेशर, मछुआरों को नाव और जाल तथा धान की बोनस राशि का चैक वितरित किया। श्री बजाज ने ग्रामीणों से कहा कि इस अभियान के द्वारा जनहित की समस्याओं के निराकरण करने में मदद मिलती है। सरकार के हर विभाग का अमला गांव-गांव जाकर ग्रामीणों से समस्या की जानकारी लेते है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने हितग्राही मूलक योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग को लाभान्वित करने की योजना बनाई है, जिसकी पूरे देश में प्रशंसा हो रही है। श्री बजाज ने लोंगो से अपील की कि सरकार के कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं।
ग्राम सुराज में कोटवार ने लगाई मुनादी
ग्राम सुराज अभियान के दौरान ग्राम मालगांव और टोकरों में मितानिन के पास दवाई होने की जानकारी लोंगों को नहीं होने की जानकारी मिलने पर श्री बजाज ने तुरंत कोटवार को तलब किया और मितनिनों के पास दवाई होने के संबंध में मुनादी करने कहा। कोटवार ने माईक लेकर मुनादी लगाई-मितानिन के पास सर्दी, खांसी, बुखार, खाज, खुजली, अऊ उल्टी दस्त के दवई हे, जोन ला एइसन रोग-बिमारी हे ओमन मितानिन के पास जाके दवई लेवत जाहूं हों।

