छत्तीसगढ़ में अनाज भण्डारण क्षमता बढ़ाने की कवायद : मरवाही में 1800 मीटरिक टन के गोदाम का लोकार्पण
रायपुर, 03 अप्रैल 2011

अनाज भण्डारण क्षमता बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य भण्डार गृह निगम द्वारा प्रदेश में गोदाम का निर्माण कराया जा रहा है। निगम अध्यक्ष श्री अशोक बजाज ने हाल ही में बिलासपुर जिले के मरवाही में 65 लाख रूपए की लागत से निर्मित 1800 मीटरिक टन क्षमता वाले गोदाम का लोकार्पण और पेण्ड्रारोड में 76 लाख रूपए की लागत से बनने वाले तीन हजार 600 मीटरिक टन भण्डारण क्षमता वाले गोदाम का शिलान्यास किया। श्री बजाज ने इस अवसर पर समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की मंशा के अनुरूप राज्य में किसानों के व्यापक हित में अनाज भण्डारण की क्षमता बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में गोदाम निर्माण की कार्य योजना निगम द्वारा तैयार की गयी है। इस कार्य योजना के अनुरूप निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि मरवाही में लोकार्पित गोदाम को मिलाकर पिछले एक पखवाड़े में भण्डार गृह निगम के दो नये गोदामों का लोकार्पण अध्यक्ष श्री अशोक बजाज द्वारा किया जा चुका है। इसके पहले उन्होंने कसडोल में 56 लाख रूपए की लागत से निर्मित 1800 मीटरिक टन क्षमता के गोदाम का लोकार्पण किया था।

