अंत्योदय श्रेणी के लिए 2.34 लाख क्विंटल चावल आवंटित
रायपुर, 05 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ में अन्त्योदय अन्न योजना के तहत गरीबों में सबसे अधिक गरीब अर्थात् अन्त्योदय श्रेणी के राशनकार्ड धारकों को मात्र एक रूपये किलो में एक मुश्त 35 किलो चावल दिया जा रहा है। इस योजना से प्रति माह प्रदेश के 6 लाख 71 हजार राशन कार्ड धारक लाभान्वित हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय द्वारा इन परिवारों के लिए प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को चालू माह अप्रैल के लिए दो लाख 34 हजार 470 क्विंटल चावल का आवंटन जारी किया गया है। राशन कार्ड धारक परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत प्रदेश के सभी साढ़े दस हजार से अधिक उचित मूल्य दुकानों से चावल का वितरण किया जाएगा।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि कबीरधाम (कवर्धा) जिले को आठ हजार 177 क्विंटल, उत्तर बस्तर (कांकेर) को छह हजार 645 क्विंटल, कोरबा को नौ हजार 145 क्विंटल, कोरिया को छह हजार 584 क्विंटल, जशपुर को नौ हजार 075 क्विंटल, जांजगीर-चाम्पा को 13 हजार 126 क्विंटल, दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा) को आठ हजार 213 क्विंटल, दुर्ग को 26 हजार 762 क्विंटल, धमतरी को पांच हजार 963 क्विंटल, नारायणपुर को तीन हजार 169 क्विंटल, बस्तर (जगदलपुर) को 17 हजार 123 क्विंटल, बिलासपुर को 26 हजार 046 क्विंटल, बीजापुर को तीन हजार 579 क्विंटल, महासमुंद को 10 हजार 336 क्विंटल, राजनांदगांव को 11 हजार 355 क्विंटल, रायगढ़ को 17 हजार 032 क्विंटल, रायपुर को 24 हजार 164 क्विंटल और सरगुजा (अम्बिकापुर) जिले को 27 हजार 985 क्विंटल चावल का आवंटन जारी किया गया है।

