योजना आयोग द्वारा गठित संचालन समिति में छत्तीसगढ़ भी शामिल
रायपुर 10 मई 2011
भारत सरकार के योजना आयोग द्वारा 12वीं पंचवर्षीय योजना (2012-2017) के निर्माण हेतु सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खाद्यानों के भंडारण एवं उपभोक्ता संरक्षण पर संचालन समिति का गठन किया गया है। इस समिति का गठन डॉ. सौमित्र चौधरी सदस्य योजना आयोग की अध्यक्षता में की गई है। इसमें श्री चौधरी के अलावा पन्द्रह अन्य सदस्य भी शामिल हैं। समिति में छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के प्रमुख सचिव भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
योजना आयोग द्वारा गठित यह समिति राष्ट्रीय सुरक्षा खाद्यान्न विधेयक को ध्यान में रखते हुए बारहवीं पंचवर्षीय योजना के दौरान खाद्यानों की मांग एवं आपूर्ति का आंकलन करेंगे। खाद्यान्नों के संबंध में खरीद नीतियों का परीक्षण करेंगे एवं इससे संबंधित उपायों पर सुझाव देंगे। इसके अलावा लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के निष्पादन की समीक्षा भी करेंगे और लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सुधार के लिए उपायों पर सुझाव देंगे। समिति सुव्यवस्थीकरण एवं खाद्य सब्सिडी के बेहतर लक्ष्यीकरण के लिए उपायों पर सुझाव, सुपोषण एवं जनता को उचित मूल्य पर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने के दृष्टिगत, लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वस्तुओं के विस्तार का मूल्यांकन करेंगे। समिति उपभोक्ता हितों के संरक्षण के लिए व्यापक नीतियों, कार्यक्रमों एवं कार्य योजना की सिफारिशें करेंगे, साथ ही उपभोक्ताओं में जागरूकता, शिक्षा और शिकायतों का निराकरण एवं गुणवत्ता के बुनियादी ढांचे, मानकीकरण एवं उत्पाद सुरक्षा के संबंध में भी सुझाव देंगे। इसी प्रकार समिति सरकार के हस्तक्षेप की आवश्यकता वाले विशिष्ट क्षेत्रों की पहचान करेंगे एवं उपभोक्ताओं के प्रति नीजि क्षेत्र की जवाबदेही को बढ़ाने के तरीकों एवं साधनों पर भी सुझाव देंगे।

