वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए जन- शिकायतों के निराकरण के लिए कार्यक्रम निर्धारित
राज्य शासन के जन-शिकायत निवारण विभाग द्वारा यहां मंत्रालय में संचालित वीडियो कान्फ्रेंसिंग सुविधा के जरिए लोगों की शिकायतें सुनने के लिए कार्यक्रम तैयार किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए जिला मुख्यालयों से प्रतिदिन दो घंटे-पूर्वान्ह साढ़े ग्यारह बजे से डेढ़ बजे तक संपर्क स्थापित कर जन-समस्याएं सुनी जाएगी। बस्तर और बिलासपुर जैसे बड़े जिलों के लिए सप्ताह के सभी दिन और अन्य जिलों के लिए सप्ताह में दो अथवा तीन दिन निर्धारित किए गए हैं। नवगठित जिला बीजापुर और नारायणपुर तथा दंतेवाड़ा जिलों में फिलहाल यह सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण वहां के निवासी बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर से इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इस योजना के समन्वय के लिए सभी जिलों में डिप्टी कलेक्टर अथवा संयुक्त कलेक्टर को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
जन-शिकायत निवारण विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि माह के प्रत्येक सोमवार को दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर, रायगढ़, राजनांदगांव और सरगुजा जिलों के फरियादी कलेक्टोरेट स्थित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान (एन.आई.सी) पहुंचकर अपनी समस्याएं रख सकते हैं। इसी प्रकार प्रत्येक मंगलवार को धमतरी, बिलासपुर, बस्तर, जांजगीर-चाम्पा, कांकेर, कोरबा और कोरिया, प्रत्येक बुधवार को महासमुंद, बिलासपुर, बस्तर, रायगढ़, कबीरधाम, राजनांदगांव, सरगुजा, प्रत्येक गुरूवार को दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर, जांजगीर-चाम्पा, कांकेर, जशपुर, कोरबा, प्रत्येक शुक्रवार को धमतरी, बिलासपुर, बस्तर, कोरिया, कबीरधाम, राजनांदगांव और सरगुजा तथा प्रत्येक शनिवार को महासमुंद, बिलासपुर, बस्तर, जशपुर, कांकेर तथा कोरबा जिले के लिए निर्धारित किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि योजना के समन्वय और प्राप्त आवेदन पत्रों के संधारण और समीक्षा के लिए जिला राजनांदगांव में डिप्टी कलेक्टर श्री शरद कुमार पवार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार जिला दुर्ग में डिप्टी कलेक्टर सुश्री तनुजा सलाम, धमतरी में डिप्टी कलेक्टर श्री ए.आर. धृतलहरे, महासमुंद जिले के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश नशीने, कबीरधाम जिले के लिए श्री सुखनाथ अहिरवार, बिलासपुर के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री आर.एस.पाण्डेय, जशपुर के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री के.डी. वैष्णव, कोरिया के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर, कोरबा के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री वी.पी.दुबे, रायगढ़ के लिए डिप्टी कलेक्टर ओ.पी. वर्मा, सरगुजा के लिए श्री आर.बी.मरकाम, जांजगीर-चाम्पा के लिए संयुक्त कलेक्टर श्री नवरतन शर्मा, बस्तर के लिए डिप्टी कलेक्टर सुश्री संतन जांगड़े और कांकेर जिले के लिए डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आरती वासनिक नोडल अधिकारी बनाए गए हैं।

