रतनजोत और करंज के समर्थन मूल्य में वृध्दि
रायपुर 27 अगस्त 2010
राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में रतनजोत और करंज बीजों के उपार्जन हेतु समर्थन मूल्य में वृध्दि की गई है। छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि रतनजोत का समर्थन मूल्य 650 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 750 रुपए प्रति क्विंटल और करंज बीज का समर्थन मूल्य छह सौ रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 750 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है। इसी तरह रतनजोत तेल का पूर्व घोषित समर्थन मूल्य 18 रुपए प्रति लीटर से 28 रुपए प्रति लीटर और करंज तेल का मूल्य 18 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 30 रुपए प्रति लीटर किया गया है। बढ़ी हुई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि रतनजोत और करंज के बीजों से बायोडीजल तैयार किया जाता है। बड़ी संख्या में प्रदेश के वनवासी और किसान इन बीजों का संग्रहण कर अतिरिक्त आमदनी अर्जित करते हैं।

