राज्य में आज से शुरू होगा वन्य प्राणी सप्ताह
वनमंडलों में होंगे अनेक कार्यक्रम
राजधानी रायपुर में निकलेगी आज रैली
रायपुर, एक अक्टूबर 2010
छत्तीसगढ़ में कल दो अक्टूबर से आठ अक्टूबर 2010 तक सप्ताह-व्यापी राष्ट्रीय वन्य प्राणी सप्ताह मनाया जाएगा। वन्य प्राणियों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए वन विभाग द्वारा इस दौरान जिलों में स्कूली बच्चों के मध्य विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। राजधानी रायपुर में कल सवेरे आठ बजे रैली निकाली जाएगी। रायपुर वनमण्डल के अंतर्गत वन्य प्राणी सप्ताह के अंतिम दिन आठ अक्टूबर को विजेता छात्र-छात्राओं को बार अभ्यारण्य का भ्रमण कराया जाएगा। वन विभाग के मुख्यालय ‘अरण्य-भवन’ द्वारा सभी जिलों के वन मण्डलाधिकारियों को पत्र जारी कर वन्य प्राणी सप्ताह आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि वन्य प्राणियों के प्रति हिंसा भाव छोड़कर सद्भावना बढ़ाने और वन्य प्राणियों के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के लिए वन विभाग द्वारा प्रति वर्ष राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर से आठ अक्टूबर तक वन्यप्राणी सप्ताह का आयोजन किया जाता है।
वन विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि इस दौरान जिलों में स्कूली और महाविद्यालयीन स्तर पर छात्र-छात्राओं के मध्य चित्रकला/पेटिंग प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिता और क्वीज प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों की तीन श्रेणियां बनाई गई हैं। पहली श्रेणी में कक्षा पहली से पांचवी कक्षा तक, दूसरी श्रेणी में कक्षा छठवीं से आठवीं तक और तीसरी श्रेणी में कक्षा नवमी से बारहवीं तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तीसरे स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को वन विभाग द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
वन्य प्राणी सप्ताह के दौरान रायपुर वनमण्डल के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रम मुख्य रूप से यहां पंडरी स्थित वन खेल परिसर में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की सफलता के लिए वनमण्डल स्तर पर आयोजन समिति का गठन किया गया है। बारनवापारा अभ्यारण्य के अधीक्षक श्री बी.एस.ठाकुर को इस समिति का समन्वयक बनाया गया है। वनमण्डल रायपुर द्वारा वन्य प्राणी सप्ताह मनाने के लिए कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार कर ली गई है। वन मण्डलाधिकारी रायपुर ने आज यहां बताया कि वन्य प्राणी सप्ताह की शुरूआत कल दो अक्टूबर को राजधानी रायपुर में रैली निकालकर की जाएगी। ये रैली सवेरे आठ बजे जी.ई.रोड के समीप स्थित रायपुर वनमण्डल कार्यालय से शुरू होकर राजभवन से शास्त्री चैक, जयस्तंभ चैक होते हुए वापस वनमण्डल परिसर पहुंचेगी।
सप्ताह के दौरान चार अक्टूबर को शाम चार से साढ़े छह बजे तक पण्डरी खेल परिसर में माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्तर की निबंध प्रतियोगिता, पांच अक्टूबर को अपरान्ह चार बजे से सात बजे तक माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्तर की क्विज प्रतियोगिता, छह अक्टूबर को दोपहर दो बजे से पांच बजे तक पण्डरी और नंदनवन चिड़ियाघर में तीन वर्गों-प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता और सात अक्टूबर को अपरान्ह दो बजे से चार बजे तक दो वर्गों- माध्यमिक/उच्चतर माध्यमिक और महाविद्यालयीन स्तर पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सप्ताह के अंतिम दिन आठ अक्टूबर को विजेता छात्र-छात्राओं को बार नवापारा अभ्यारण्य का भ्रमण कराया जाएगा।

