रेल्वे स्टेशन में आज से हर्बल विक्रय केन्द्र
वन मंत्री श्री उसेण्डी ने किया शुभारंभ
रायपुर 20 अप्रैल, 2011

वन मंत्री श्री विक्रम उसेण्डी ने आज दोपहर यहां रेल्वे स्टेशन रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य वनौषधि पादप बोर्ड द्वारा स्थापित हर्बल सामग्री विक्रय केन्द्र का शुभारंभ किया। श्री उसेण्डी ने इस अवसर पर कहा कि रेल्वे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थल पर विक्रय केन्द्र खुलने से यात्रियों सहित आम जनता को आसानी से हर्बल औषधियां मिल सकेंगी।
वन मंत्री श्री उसेण्डी ने कहा कि इस विक्रय केन्द्र पर दैनिक उपयोग की वस्तुओं के साथ ही विभिन्न प्रकार की वनौषधियां भी उपलब्ध रहेंगी। श्री उसेण्डी ने कहा कि रेल्वे स्टेशनों में विभिन्न प्रांतों और क्षेत्रों के लोगों का आपस में मिलना जुलना होता है। इस विक्रय केन्द्र के प्रारंभ होने से छत्तीसगढ़ के जंगलों में पैदा होने वाले औषधियों और जड़ी-बूटियों के प्रचार-प्रसार में भी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि इसके पहले माना स्थित विमानतल में भी एक विक्रय केन्द्र शुरू किया गया है। इस विक्रय केन्द्र से प्रति महीने लगभग 75 हजार रुपए के विभिन प्रकार की सागग्रियों की बिक्री होती है। उल्लेखनीय है कि रेल्वे प्लेटफार्म क्रमांक एक पर संचालित इस विक्रय केन्द्र में छत्तीसगढ़ की महिला स्व सहायता समूह और वनवासियों द्वारा निर्मित सामग्रियां उचित मूल्य पर उपलब्ध होंगी। प्रमुख रूप से यहां पर रक्तचाप एवं कोलेस्ट्रोल के लिए अर्जुन चाय, सर्दी-खांसी में उपयोगी तुलसी चाय, विटामिन ए युक्त आंवला कैण्डी, आंवला बर्फी और आंवला चूर्ण, अम्ल प्रतिरोधक सतावर चूर्ण, बालों के लिए रीठा, शिकाकाई और मेहंदी चूर्ण सहित शहद, च्यवनप्राश आदि औषधियां उपलब्ध हैं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वनौषधि बोर्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एन.सी.पंत, रेल्वे मण्डल प्रबंधक श्री बी.पी.स्वाईं, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री आर.के.शर्मा, छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के प्रबंध संचालक श्री धीरेन्द्र शर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य वनोपज सहकारी संघ के प्रबंध संचालक श्री ए.के. सिंह रेल्वे और वन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

