वनोपज राजकीय व्यापार समिति की बैठक में कई निर्णय
रायपुर, 04 मई 2010

वन मंत्री श्री विक्रम उसेण्डी की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय में वनोपज राजकीय व्यापार अंतर्विभागीय समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में वर्ष 2006 और 2007 के पुराने 13 लॉट तेन्दूपत्ते के विक्रय प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। ये लॉट राज्य के बीजापुर, रायगढ़ और धर्मजयगढ़ वन मण्डलों में स्थित हैं। इसे पहले खरीदने वाले व्यापारी ने उठाने से इंकार कर दिया था। इसलिए इनके विक्रय प्रस्ताव का अनुमोदन आज की बैठक में किया गया। इसके अलावा बैठक में बांदे जिला उत्तर बस्तर (कांकेर ) स्थित औद्योगिक बांस के परिवहन के लिए समय-सीमा 30 जून तक बढ़ाई गयी। उल्लेखनीय है कि बांदे स्थित शासकीय बांसागार में लगभग 70 ट्रक औद्योगिक बांस हैं। इन बांसों को पहले से ही ठेकेदार को बेचा जा चुका है। लेकिन उसके द्वारा समयसीमा में बांसो का परिवहन नहीं किया गया । बैठक में छत्तीसगढ़ के जंगलों में संग्रहित एक प्रमुख लघु वनोपज साल बीज की खरीदी दर के निर्धारण के संबंध में भी विचार किया गया। पिछले वर्षं साल बीज की खरीदी दर दस रुपए प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया था। इस विषय की महत्ता को देखते हुए यह मामला मंत्रिपरिषद के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के प्रबंध संचालक श्री ए.के.सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री आर.के.शर्मा, वन विभाग के सचिव श्री राजेश गोवर्धन, मुख्य वन संरक्षक (उत्पादन)श्री बी.के.सिन्हा उपस्थित थे।
क्रमांक- 645/पटेल

