वन कर्मियों की क्रमिक भूख हड़ताल स्थगित
रायपुर, 08 मई 2011
प्रदेश सरकार के वन विभाग के कर्मचारियों की कल 9 मई से 15 मई तक होने वाली क्रमिक भूख हड़ताल स्थगित कर दी गई है। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने आज शाम यहां वन मंत्री श्री विक्रम उसेण्डी से उनके निवास पर संयुक्त बैठक में विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया। संघ ने श्री उसेण्डी से मिले आश्वासन का उल्लेख करते हुए 16 मई से प्रस्तावित अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल भी वापस ले ली है। संयुक्त बैठक में वन मंत्री श्री उसेण्डी ने संघ की सभी मांगो पर सहानुभूति पूर्वक विचार कर ठोस कार्रवाई का भरोसा दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन विभाग) श्री नारायण सिंह और प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री धीरेन्द्र शर्मा सहित छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष श्री फैयाज अहमद खान तथा संघ के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

