चरणपादुका वितरण इस बार महिला संग्राहकों को
रायपुर, 24 मार्च 2011
राज्य शासन द्वारा तेन्दूपत्ता संग्रहण वर्ष 2011 के लिए संग्राहक परिवार की महिला सदस्यों को चरणपादुका देने का निर्णय लिया गया है। महिला संग्राहकों की इच्छा के अनुरूप उन्हें अच्छी गुणवत्ता की चमड़े की चप्पल जोड़ियां वितरित की जाएंगी। राज्य शासन के वन विभाग के अधीन कार्यरत संस्था छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज (व्यापार एवं विकास) सहकारी संघ द्वारा इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सहकारी संघ को इसके लिए राज्य शासन के वन विभाग द्वारा 10 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की गई है। लगभग साढ़े तेरह लाख महिला संग्राहकों को इस चरणपादुका वितरण योजना का फायदा मिलेगा। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 2010 में संग्राहक परिवार के पुरूष सदस्यों को लगभग साढ़े तेरह लाख चरणपादुकाएं वितरित की गई थीं। निविदा प्रक्रिया के जरिए इनकी खरीदी एक सौ पांच रुपए प्रति जोड़ी के हिसाब से की गई थी।

