वन विभाग द्वारा निबंध प्रतियोगिता का आयोजन
निबंध पच्चीस मई तक आमंत्रित
रायपुर 22 अप्रैल 2010
राज्य शासन के वन विभाग द्वारा 'पर्यावरण सुधार में वनों का योगदान' विषय पर राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रतियोगी अपने द्वारा हिन्दी या अंग्रेजी भाषा में लिखे गए निबंध आगामी 25 मई तक रजिस्टर्ड डाक या स्पीड पोस्ट द्वारा कार्यालय मुख्य वन संरक्षक ( अनुसंधान एवं विस्तार) अरण्य भवन, मेडिकल कॉलेज रोड रायपुर (छत्तीसगढ़) के पते पर भेज सकते हैं। वन मंत्री श्री विक्रम उसेण्डी ने बताया कि पर्यावरण सुधार की दृष्टि से वनों की भूमिका और छत्तीसगढ़ की आदिवासी जनसंख्या को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के कारण यह प्रतियोगिता एक महत्वपूर्ण आयोजन साबित होगी।
वन विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि यह निबंध प्रतियोगिता वरिष्ठ और कनिष्ठ दो समूहों में आयोजित की जाएगी। दोनों समूहों के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगामी 05 जून 2010 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नगद राशि और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। वरिष्ठ समूह के अंतर्गत 18 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतिभागी और कनिष्ठ समूह में 18 वर्ष से कम उम्र के प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। दोनों समूह में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वरिष्ठ समूह के अंतर्गत प्रथम विजेता प्रतिभागी को 10 हजार, द्वितीय विजेता को नौ हजार और तृतीय विजेता को आठ हजार रुपए की राशि इनाम में दी जाएगी। इसी तरह कनिष्ठ समूह में प्रथम विजेता को तीन हजार, द्वितीय विजेता को दो हजार 500 और तृतीय विजेता को दो हजार रुपए की राशि पुरस्कार स्वरूप दिया जाएगा। विजेता प्रतिभागियों को पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने निबंध के मुख्य बिंदुओं के बारे में अवगत कराने के लिए दस मिनट का समय दिया जाएगा। प्रतिभागियों को अपनी आयु के प्रमाण हेतु विधि सम्मत प्रमाण पत्र निबंध के साथ संलग्न करना होगा।

