वन प्रबंधन और वर्तमान कानून विषय पर आज शुरू होगी दो दिवसीय कार्यशाला-राज्यपाल श्री शेखर दत्त करेंगे शुभारंभ
रायपुर 28 मार्च 2010
राज्य सरकार के वन अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान द्वारा 'वन प्रबंधन और वर्तमान कानून' विषय पर कल 29 मार्च को यहां दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश के राज्यपाल श्री शेखर दत्त स्थानीय माना विमानतल मार्ग स्थित होटल गोल्डन टयूलिप में कल 29 तारीख को सवेरे नौ बजे इस कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति डॉ. एम.के. श्रीवास्तव करेंगे। इस अवसर पर राज्य सरकार के वन विभाग के प्रमुख सचिव श्री पी.सी. दलेई सहित प्रधानमुख्य वन संरक्षक श्री आर.के. शर्मा, राज्य सरकार के अतिरिक्त महाधिवक्ता श्री किशोर भादुड़ी और अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. ए.ए. बोआज सहित राज्य वन अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान तथा वन विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। यह प्रशिक्षण कार्यशाला मुख्य रूप से वन अधिकार अधिनियम और उसके क्रियान्वयन से जुड़े विषयों, वन प्रबंधन के न्यायिक पहलुओं और संरक्षित क्षेत्रों सहित आदिवासी क्षेत्रों में लघु वनोपजों के विदोहन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केन्द्रित रहेगी। कार्यशाला में वन और पर्यावरण से जुड़े राष्ट्रीय स्तर के विषय विशेषज्ञों को भी आमंत्रित किया गया है, जिनमें मुख्य रूप से झारखण्ड के रेसीडेंस कमिश्नर श्री राजीव कुमार, आदिवासी अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान पूणे (महाराष्ट्र) के कमिश्नर डॉ. अरविन्द कुमार झा, सीधी (मध्यप्रदेश) के पूर्व विधायक श्री के.के. सिंह और सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री संजय उपाध्याय तथा सुश्री शिल्पा चौहान शामिल हैं।
क्रमांक/4571/स्वराज्य

