प्रकाश पुंज के समान हैं भगवान महावीर के सिध्दांत : राज्यपाल
रायपुर 15 अप्रैल 2011
राज्यपाल श्री शेखर दत्त ने प्रदेशवासियों को महावीर जयंती की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी ने सम्पूर्ण विश्व में शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया था। उन्होंने आज से लगभग ढाई हजार साल पहले मानव समाज को सच्चाई के रास्ते पर चलने की शिक्षा के साथ अहिंसा, अपरिग्रह और क्षमा जैसे गुणों को अपनाने की प्रेरणा दी थी। राज्यपाल ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी के ये सिध्दांत हिंसा के दिशाहीन दौर से गुजर रहे आज के मानव समाज के लिए घने अंधकार में प्रकाश पुंज के समान सही मार्ग दिखा सकते हैं। महावीर स्वामी के ये मूल्यवान विचार हमेशा प्रासंगिक और अनुकरणीय बने रहेंगे।

