सड़क दुर्घटना में दो पुलिस जवानों की मौत : राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया
रायपुर 02 सितम्बर 2011
राज्यपाल श्री शेखर दत्त और मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने राजनांदगांव-खैरागढ़ मार्ग पर आज सवेरे बढ़ईटोला के पास सड़क दुर्घटना में पुलिस के दो जवानों की आकस्मिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दोनों दिवंगत जवानों के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवदेना प्रकट की है। श्री दत्त और डॉ रमन सिंह ने घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। ज्ञातव्य है कि राजनांदगांव से पुलिस बल आज सुबह खैरागढ़ में डयूटी के लिए जा रहा था। बढ़ईटोला के समीप अनियंत्रित होकर पुलिस जवानों का टाटा सूमो वाहन नीम पेड़ से टकरा गया। घटनास्थल पर ही एक जवान श्री नरेश सिदार की मृत्यु हो गई तथा घटना में गंभीर रूप से घायल आरक्षक श्री रविकांत गंजीर की भिलाई हास्पिटल ले जाते समय रास्ते में मृत्यु हो गई। सड़क दुर्घटना में घायल सहायक उप निरीक्षक श्री बसंत साहू, आरक्षक श्री नानकूराम और श्री मनोज मंडावी का इलाज चल रहा है।

