मानिकचौरी में 26 नवम्बर को किसान मेले का आयोजन
राज्यपाल श्री दत्त करेंगे उत्कृष्ट कृषकों का सम्मान
रायपुर, 24 नवम्बर 2011
राज्य शासन के कृषि विभाग द्वारा रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड के ग्राम मानिकचौरी में 26 नवम्बर को एक दिवसीय विशाल किसान मेले सह-कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। किसान मेले का शुभारंभ राज्यपाल श्री शेखर दत्त करेंगे। उद्धाटन समारोह की अध्यक्षता रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री पुन्नूलाल मोहले करेंगे। कृषि मंत्री श्री चंद्रशेखर साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। किसान मेले में कृषि, उद्यानिकी, पशुधन विकास और मत्स्य पालन विभागों के साथ ही मंडी बोर्ड, बीज निगम और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा किसानों की बेहतरी के लिए संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर राज्यपाल श्री शेखर दत्त द्वारा क्षेत्र के उत्कृष्ट किसानों, सब्जी उत्पादकों, पशुपालकों और मत्स्य पालकों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। किसान मेले में कृषक संगोष्ठी एवं परिचर्चा का आयोजन भी किया गया है। अपने मानिकचौरी प्रवास के दौरान राज्यपाल वहां हाईस्कूल भवन, सामुदायिक भवन और प्राथमिक उपस्वास्थ्य केन्द्र भवन का लोकार्पण भी करेंगे। कृषि मंत्री श्री चंद्रशेखर साहू ने अभनपुर विकासखंड के अधिक से अधिक किसानों से किसान मेले में शामिल होकर राज्य सरकार द्वारा उनके विकास के लिए संचालित की जा रही योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने की अपील की है।

