शिवरीनारायण पहुंच कर राज्यपाल ने सुनी रामकथा : मंदिर में की पूजा-अर्चना
रायपुर, 28 नवम्बर 2011

राज्यपाल श्री शेखर दत्त एवं उनकी धर्मपत्नि श्रीमती सुष्मिता दत्त ने आज छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चाम्पा जिले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल शिवरीनारायण पहुंच कर रामकथा का श्रवण किया। इसके पहले उन्होंने शिवरीनारायण मंदिर में पूजा-अर्चना की।
उल्लेखनीय है कि अगहन बदी एकादशी से अगहन सुदी पंचमी तक शिवरीनारायण मठ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अवधपुरी धाम के पूज्य स्वामी लक्ष्मण दास जी महाराज द्वारा श्री रामकथा का वाचन किया जा रहा है। राज्यपाल श्री दत्त ने सपत्निक कथा आयोजन में शामिल होकर कथा का श्रवण किया। राज्यपाल ने अपने संक्षिप्त उद्गार में कहा कि भगवान श्रीराम जी के जीवन गाथा में माता शबरी और शिवरीनारायण का महत्वपूर्ण स्थान एवं महत्व है। शिवरीनारायण एक ऐसा स्थान है जो अध्यात्म के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है और ऐसे प्रयास किया जाना चाहिए जिससे श्रध्दालु एवं पर्यटक दोनों इसकी ओर अधिक से अधिक आकर्षित हों। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री श्री चंद्रशेखर साहू ने भी संक्षिप्त उदगार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक एवं शिवरीनारायण मठ मंदिर न्यास के ट्रस्टी राजेश्री डॉ. महंत रामसुंदर दास ने कार्यक्रम का संचालन किया।

