सहकारिता से कृषि विकास पर राजधानी में राष्ट्रीय संगोष्ठी : राज्यपाल श्री शेखर दत्त आज करेंगे शुभारंभ
रायपुर, 9 दिसंबर 2011
राज्यपाल श्री शेखर दत्त कल दस दिसम्बर को सवेरे ग्यारह बजे यहां छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ, भारतीय राष्ट्रीय सहकारी संघ तथा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी-सह-कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यशाला स्वामी विवेकानन्द सभागृह, कृषि महाविद्यालय में आयोजित की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य के संदर्भ में सहकारिता से कृषि विकास विषय पर आयोजित इस कार्यशाला के शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता प्रदेश के सहकारिता मंत्री श्री ननकी राम कंवर करेंगे। कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू, महासमुन्द के लोकसभा सांसद श्री चन्दूलाल साहू, भारतीय राष्ट्रीय सहकारी संघ नई दिल्ली के उपाध्यक्ष श्री घनश्याम भाई अमीन, राष्ट्रीय मत्स्यजीवी सहकारी संघ नई दिल्ली के अध्यक्ष री प्रकाश लोन्हारे और छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष श्री लखन लाल साहू विशेष अतिथि के रूप में शुभारंभ समारोह में शामिल होंगे। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति डॉ. एस.के. पाटिल साहित कृषि और सहकारिता से जुड़े अनेक विषय-विशेषज्ञ और संबंधित विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

