बच्चों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करें - श्री दत्त
रायपुर 05 दिसम्बर 2010

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री शेखर दत्त ने पालकों का आव्हान किया है कि वे अपने बच्चों में खेलों के लिए रूचि बढ़ाएं और उन्हें खेल के मैदान जाने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि बच्चे खेलों में रूचि लेंगे तो पढ़ाई में भी अच्छे साबित होंगे। उन्होंने इसी तरह समाज को भी अपने सितारे खिलाड़ियों को भरपूर सम्मान देने और मीडिया को भी खिलाड़ियों के व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आव्हान किया है।
राज्यपाल ने कहा कि हमारे देश में खेलों के प्रति अच्छा माहौल बनता जा रहा है। इस माहौल को और भी बेहतर बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अच्छे खिलाड़ी समाज और देश के स्टार या सितारें की तरह होते हैं। मीडिया को चाहिए कि वे सितारे खिलाड़ियों के संबंध में लोगों विशेषकर बच्चों और युवाओं को ज्यादा से ज्यादा जानकारी दें, जिससे वे इनके आदर्श बन सकें।
श्री दत्त ने आज यहां बूढ़ा तालाब के समीप स्पोर्टस काम्पलेक्स के आउट डोर स्टेडियम में 10 वें अखिल भारतीय नवभारत ट्राफी फुटबाल प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए इस आशय के विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता में पहले फाइनल मैच में फारेस्ट जम्मू एण्ड कश्मीर ने संघर्षपूर्ण मैच में जे.सी.बी. भिलाई ब्रदर्स को 1-0 से हराकर प्रतियोगिता जीती। फारेस्ट जम्मू एण्ड कश्मीर के वशीम जावेद ने मैच के पांचवें मिनट में ही मैच का एक मात्र गोल कर अपने टीम को बढ़त दिला दी। मुकाबले के बाद राज्यपाल ने विजेता टीम को 51,000 रूपए तथा उप-विजेता टीम को 31,000 के साथ-साथ ट्राफी प्रदान की। जम्मू एवं कश्मीर टीम के मंसूर पाशा को प्रतियोगिता का उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया। उन्हें हीरों होण्डा की मोटर साइकिल पुरस्कार के स्वरूप प्रदान की गयी।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हमारे देश और प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं हैं। आज के फायनल मैच में भिलाई टीम के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, लेकिन दुर्भाग्यवश उनके प्रयास सफल नहीं हो पाए। आशा है ऐसे प्रयासों से इस टीम और छत्तीसगढ़ की अन्य टीमों को उत्कृष्ट स्तर की सफलताएं मिल सकेगी। खेल मंत्री सुश्री लता उसेण्डी ने खेल प्रतियोगिता के आयोजकों के साथ-साथ विजेता और उप-विजेता टीमों को बधाई दी।
विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष श्री रवीन्द्र चौबे ने राज्य के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आशा व्यक्त की कि उनके प्रयासों से खेलों की दुनिया में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन होगा। उन्होंने राज्य में अच्छे स्टेडियम स्थापित किए जाने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर नवभारत के सम्पादक श्री श्याम वेताल तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आर. अजीत ने अतिथियों का स्वागत किया।

