मीडिया शिक्षा, भविष्य एवं दिशा विषय पर राष्ट्रीय स्तर पर विचार-विमर्श हेतु कार्यक्रम का आयोजन 5-6 मई को
महामहिम राज्यपाल करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ
रायपुर 03 मई 2011
कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय रायपुर के सभागार में आगामी पांच और छह मई को मीडिया शिक्षा भविष्य एवं दिशा विषय पर राष्ट्रीय विचार-विमर्श के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसका शुभारंभ 5 मई को पूर्वान्ह 11 बजे प्रदेश के महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री शेखर दत्त करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री जी.एन.रे करेंगे। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक विशिष्ट अतिथि होंगे।
उल्लेखनीय है कि मीडिया शिक्षा पर केन्द्रित यह पहला कार्यक्रम है, जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर विचार-विमर्श के लिए देश भर के 30 से अधिक मीडिया शिक्षाविद शामिल हो रहे है। प्रतिभागियों में प्रो. एम. आर. दुआ, प्रो. के एम. श्रीवास्तव, प्रो. शिवाजी सरकार व प्रो. देवेश किशोर नई दिल्ली, प्रो. प्रदीप कृष्णात्रे अहमदाबाद, प्रो. नासिर मिर्जा श्रीनगर, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय भोपाल के कुलपति प्रो. बी.के.कुठियाला, प्रो. ताप्ति बासु कोलकाता, प्रो. वी. के. धारूलकर औरंगाबाद, वरिष्ठ पत्रकार श्री अच्यूतानंद मिश्रा नोयडा मुख्य रूप से शामिल होंगे। मीडिया शिक्षा का भविष्य एवं उसकी दिशा, पाठयक्रमों का नामकरण्ा, उनके प्रारूप, पाठयक्रमों में एकरूपता, रोजगार के क्षेत्र एवं संभावना आदि विषयों पर उक्त दो दिवसीय आयोजन में चार तकनीकी सत्र होंगे, जिसमें मीडिया शिक्षा के विविध आयामों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
पहले दिन 5 मई को कार्यक्रम के शुभारंभ के पश्चात दोपहर 12.30 बजे प्रथम सत्र में मीडिया शिक्षा के उभरते आयामों पर चर्चा होगी। इसी दिन द्वितीय सत्र में मीडिया पाठयक्रम अवधि और मॉडल पर गहन मंथन होगा। राष्ट्रीय विचार-विमर्श के दूसरे दिन छह मई को प्रथम तकनीकी सत्र प्रात: दस बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें मीडिया शिक्षकों की योग्यता एवं अध्ययन पध्दति पर चर्चा होगी। अगले सत्र में मीडिया के नियंत्रण के लिए संगठन की आवश्यकता पर चिन्तन होगा। समापन सत्र दोपहर 2.30 बजे सम्पन्न होगा।

