जीवन में कोई भी कार्य असंभव नहीं-राज्यपाल
होलीक्रास स्कूल कांपा के वार्षिक खेल उत्सव का शुभारंभ
रायपुर, 11 जनवरी 2011
राज्यपाल श्री शेखर दत्त आज शाम रायपुर के होलीक्रास सीनियर हायर सेकेण्डरी स्कूल कांपा के वार्षिक खेल उत्सव में शामिल हुए। राज्यपाल की पत्नी श्रीमती सुस्मिता दत्त भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित थीं। राज्यपाल ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जीवन में कोई भी कार्य असंभव नहीं है, लेकिन इसके लिए आप में अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए अटूट विश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति होनी चाहिए। राज्यपाल श्री दत्त ने विद्यार्थियों से कहा कि ऐसे ही अपना उमंग एवं उत्साह बनाये रखें। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अभिभावकों पर बच्चों के भविष्य निर्माण करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। घर में ही बच्चे, अभिभावकों से अनुशासन, दूसरों का सम्मान करना आदि संस्कार सीखते हैं। इसके साथ ही बच्चों के जीवन को गढ़ने में शिक्षकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने मशाल जलाकर खेल समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना की शपथ ली। एन.सी.सी., एन.एस.एस. तथा शाला के बच्चों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया जिसका नेतृत्व श्री अनल प्रकाश शर्मा ने किया। नर्सरी कक्षा के बच्चों ने मराठी गीत पर 'लावणी नृत्य' का उम्दा प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का भी उल्लेख किया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। इस मौके पर शाला की प्राचार्य श्रीमती वैशाली सेठ, संस्था के श्री आर.के. दास, श्री मुक्ति प्रकाश सहित बड़ी संख्या में बच्चे एवं उनके अभिभावक उपस्थित थे।
क्रमांक-5648/उषाकिरण

