शहीदों को राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रध्दांजलि दी
रायपुर, 24 मई 2011
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री शेखर दत्त एवं मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज यहां माना स्थित चौथी बटालियन छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर पहुंचकर शहीद पुलिस अधिकारी एवं जवानों को पुष्पचक्र्र अर्पित कर श्रध्दांजलि दी। उल्लेखनीय है कि कल शाम गरियाबंद के आमामोरा के जंगलों में एम्बुश लगाकर किये गए नक्सली हमले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेश पवार सहित पुलिस जवानों ने अपनी शहादत दी।
शहीदों को श्रध्दांजलि अर्पित करने के उपरांत राज्यपाल श्री दत्त ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी शहादत देने वाले पुलिस अधिकारी एवं जवान राज्य के ऐसे सपूत थे जो बहादुर होने के साथ-साथ कर्तव्यनिष्ठ थे। नक्सलियों की उपस्थिति और गतिविधियों की खबर पाकर वे अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए गए थे। ऐसे ही सपूतों की कुर्बानी के कारण ही हमारा देश न केवल बना हुआ है, बल्कि आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन शहीदों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। राज्यपाल ने घटना में शहीद जवानों के प्रति श्रध्दांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने नक्सल हिंसा की गतिविधि को कायराना एवं घिनौना बताया और कहा कि एडिशनल एस.पी. श्री राजेश पवार सहित पुलिस जवानों ने नक्सलियों का मुकाबला किया और शहीद हुए। श्री पवार एक होनहार अधिकारी थे, उनका भविष्य उज्ज्वल था, लेकिन शायद ईष्वर की नियति अलग थी। उन्होंने राज्य की 2 करोड़ 55 लाख जनता की ओर से शहीदों को श्रध्दांजलि दी।
इस अवसर पर गृहमंत्री श्री ननकीराम कंवर, कृषि मंत्री श्री चंद्रशेखर साहू, वन मंत्री श्री विक्रम उसेंडी, संसदीय सचिव गृह श्री विजय बघेल, सांसद श्री चंदूलाल साहू, विधायक डॉ. शक्राजीत नायक, महापौर डॉ. किरणमयी नायक, पूर्व मंत्री श्री धनेन्द्र साहू, मुख्य सचिव श्री पी.जॉय उमेन, पुलिस महानिदेशक श्री विष्वरंजन, प्रमुख सचिव गृह श्री एन.के. असवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों और शहीदों के परिजनों ने शहीदों के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रध्दांजलि दी।

