अवरोध को दूर कर विकसित बनने सभी क्षेत्रों की तरक्की जरूरी - श्री शेखर दत्त
कोरिया जिले का विकास परिदृश्य, चुनौतियां एवं संभावनाएं विषय पर संगोष्ठी का आयोजन
रायपुर, 25 मई 2011

छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल श्री शेखर दत्त ने आज कोरिया जिले के 14वें स्थापना दिवस पर बैकुण्ठपुर स्थित ''मानस भवन'' में ''कोरिया जिले का विकास परिदृश्य, चुनौतियां एवं संभावनाएं'' विषय पर आयोजित संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए कहा कि मनुष्य को विकास पथ पर अग्रसर रहते हुए इस दौरान आने वाली विभिन्न चुनौतियाें के प्रति सचेत रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास हेतु संकल्पित व्यक्ति विभिन्न विषम परिस्थिति के बावजूद भी संभल कर चलते हुए अपनी मंजिल प्राप्त कर लेता है। उन्होंने अवरोध को दूर कर विकास के लिये सभी क्षेत्रों में तरक्की को जरूरी बताते हुए इसके लिये पूरी क्षमता का उपयोग करने की सलाह दी है। श्री दत्त ने जापान के लोगों को उध्दृत करते हुए बताया कि द्वितीय विश्व युध्द तथा वर्तमान में भूकंप एवं सुनामी के विषम परिस्थितियों के बावजूद भी उन्होंने अपने देश की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ रखने में सफलता प्राप्त की।
राज्यपाल ने शिक्षित युवाओं के अन्यत्र पलायन पर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के उच्च शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यताधारी युवाओं का नियोजन प्रदेश में ही करने हेतु आवश्यक प्रयास करने होंगे ताकि क्षेत्र का समुचित विकास सुनिश्चित हो सके। श्री दत्त ने कहा कि राज्य में उत्पादित वस्तुओं की प्रोसेसिंग स्थानीय स्तर पर ही किया जाना चाहिए। ऐसा करने से उत्पादक एवं प्रोसेसिंगकर्ता, दोनों को रोजगार प्राप्त होगा तथा उनकी आर्थिक उन्नति सुनिश्चित होगी। इस अवसर पर राज्यपाल द्वारा कलेक्टर श्रीमती ऋतु सैन को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
जिले के प्रभारी मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि शीघ्र एवं समुचित विकास की अवधारणा पर छोटे-छोटे जिलों का गठन किया गया। उन्हाेंने कहा कि छोटे जिलों के गठन से शासन एवं प्रशासन की सीधी पहुंच आम जनता तक हो जाती है, जिससे क्षेत्र का सर्वागीण विकास सुनिश्चित होता है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिये विकास की प्राथमिकताएं तय करना अत्यंत आवश्यक होता है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र के विकास को दृष्टिगत रखकर ही छत्तीसगढ़ प्रदेश का गठन किया गया था तथा प्रदेश के गठन पश्चात सभी क्षेत्रों में निरंतर विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में शासन द्वारा कृषकों को अत्यंत न्यूनतम दर पर ऋण, कृषि उत्पादों का पर्याप्त समर्थन मूल्य, 24 घंटे विद्युत की उपलब्धता आदि सुविधाएं देकर उनके सवर्ांगीण विकास हेतु समुचित प्रयास किये जा रहे है। संसदीय सचिव श्री भईयालाल ने महिला समूहों द्वारा किये जा रहे कार्यो की सराहना करते हुए विकास के लिये महिलाओं की भागीदारी को आवश्यक बताया। उन्होंने लोगाें से जिले के लिये ''साक्षर कोरिया, स्वच्छ कोरिया एवं स्वस्थ कोरिया के साथ ही समृध्द कोरिया'' के नारे को कार्य रूप में परिणित करने का आह्वान किया। संगोष्ठी के प्रारंभ में कलेक्टर श्रीमती ऋतु सैन द्वारा अतिथियाें को संगोष्ठी के विषय से परिचित कराया गया। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस विषय पर संगोष्ठी आयोजित की जा चुकी है। कलेक्टर ने बताया कि जिले के विकास की दिशा और दशा तय करने के उद्देश्य से आयोजित इस संगोष्ठी में विकास के साथ ही साथ जिले के पर्यावरण संतुलन तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक संरक्षण आदि विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की जायेगी।
संगोष्ठी के द्वितीय सत्र में विधायक श्री दीपक पटेल ने पर्यावरण एवं खनन् विषय पर अपना विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक पर्यावारण सुधार में लग जाये ताकि आने वाले समय में प्राकृतिक आपदायें न हो। इसके लिये हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाना होगा। इसी तरह आवश्यकता के अनुरूप जनहित को ध्यान में रखकर नियमानुसार उत्खनन् किया जाये। श्री पटेल ने कोरिया जिले को पर्यावरण मुक्त जिला बनाने में सबकी सहभागिता के लिये आव्हान किया। संभागायुक्त श्री एम.एस.पैकरा ने ग्रामीण विकास परिदृश्य के संबंध में अपना विचार व्यक्त करते हुए कहा कि 70 प्रतिशत आबादी गांव में निवास करती है। गांव के विकास से ही देश का विकास होगा। इसलिए गांव की स्थिति को सुदृढ़ करना आवश्यक है। उन्होंने गांव के विकास के लिये सामुदायिक एवं परिवार मूलक कार्यो को प्राथमिकता के साथ कराने के साथ विशेष जोर दिया। श्री पैकरा ने कहा कि विकास का आधार शिक्षा है इसलिए शिक्षा के क्षेत्र में विशेष ध्यान देना होगा। इसके अलावा उन्होंने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने एवं पंचायती राज्य व्यवस्था के सुव्यवस्थित संचालन के लिये विशेष जोर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन, चिरमिरी के महापौर श्री डम्बरू बेहरा एवं अधिवक्ता श्री विजय प्रकाश पटेल द्वारा नगरीय विकास एवं चुनौतियां, श्री भागवत दुबे सेवानिवृत्त प्रोफेसर द्वारा मानव संसाधन विकास, श्री एन.एस.परमार अधिवक्ता द्वारा शिक्षा एवं शैक्षणिक परिदृश्य, श्री अमर लाल सोनी, मनेन्द्रगढ़ द्वारा साहित्य एवं संस्कृति, श्री विजेन्द्र मानिकपुरी द्वारा खेल का विकास, श्री ओमप्रकाश अग्रवाल, चिरमिरी द्वारा व्यवसायिक परिदृश्य, श्री विरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, एसईसीएल हसदेव द्वारा पर्यटन विकास विषय पर विचार व्यक्त किये गये।
इस अवसर पर, भरतपुर-सोनहत के विधायक श्री फूलचन्द सिंह, बैकुण्ठपुर नगर पालिका के अध्यक्ष श्री शैलेष शिवहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, राज्यपाल के प्रमुख सचिव श्री जवाहर श्रीवास्तव, आईजी श्री पी.एन.तिवारी, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक पाठक, सीईओ जिला पंचायत डॉ.बसवराजू एस, एसडीएम सुश्री रेणुका श्रीवास्तव एवं संगोष्ठी के प्रतिभागी उपस्थित थे।
विकास प्रदर्शनी का अवलोकन
छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल श्री शेखर दत्त, प्रभारी मंत्री श्री अमर अग्रवाल द्वारा कोरिया जिले के 14वें स्थापना दिवस पर ''मानस भवन'' में जिला प्रशासन द्वारा जिले के शैक्षिक, सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास पर आधारित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। इनके साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले, चिरमिरी के महापौर श्री डम्बरू बेहरा, भरतपुर-सोनहत के विधायक श्री फूलचन्द सिंह, मनेन्द्रगढ़ विधायक श्री दीपक पटेल, बैकुण्ठपुर नगर पालिका के अध्यक्ष श्री शैलेष शिवहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, राज्यपाल के प्रमुख सचिव श्री जवाहर श्रीवास्तव, संभागायुक्त श्री एम.एस.पैकरा, आईजी श्री पी.एन.तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

