कोरिया जिले के स्थापना दिवस पर झुमका बांध में हुए कई मनोरंजक कार्यक्रम
नीचे नौकायन और ऊपर ऐरो मॉडलिंग का नजारा
रायपुर 25 मई 2011
स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री और कोरिया जिले के प्रभारी श्री अमर अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में आज कोरिया जिले के स्थापना दिवस के अवसर पर झुमका बांध स्थल पर कई कार्यक्रम आयोजित किये गये। झुमका बांध को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से मछुआरों के बीच नौकायन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके अलावा कबड्डी प्रतियोगिता और पर्यटन मण्डल की ओर से एडवेन्चर स्पोर्टस एक्टिविटी के तहत पैराग्लाईडिंग, पावर पैराग्लाईडिंग, एयरो मॉडलिंग व अन्य एडवेन्चर स्पोर्टस एक्टिविटी का आयोजन किया किया गया। पर्यटन मण्डल की ओर से 27 मई तक इसका आयोजन होगा।
प्रभारी मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने इस अवसर पर उपस्थित जन समुदाय को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह के नेतृत्व में राज्य गठन के बाद विकास के नये-नये आयाम तय किये जा रहे है। केवल आधारभूत संरचनाओं के निर्माण से विकास संभव नहीं है। जीवन के कुछ पल रचनात्मक कार्यो और प्रकृति के विभिन्न रंगो का आनंद लेने में लगाना चाहिए। इससे जीवन में नीरसता नहीं आती है। उन्होंने जिला प्रशासन को जिले के हर क्षेत्र में कार्य किये जाने के लिये बधाई और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शामिल प्रतिभागियों को भी अपनी शुभकामनाएं दी। संसदीय सचिव श्री भईयालाल राजवाड़े और भरतपुर-सोनहत के विधायक श्री फूलचन्द्र सिंह ने अपने विचार व्यक्त किये।
नौकायन प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने भाग लिया। प्रथम स्थान मछुआ सहकारी समिति सागरपुर के अनिल कुमार चंदन ने प्राप्त किया। इन्हें शील्ड और 5 हजार रूपये की नगद राशि दी गई। दूसरा स्थान मछुआ ओडगी समूह के नरेश चंदन ने प्राप्त किया। इन्हें शील्ड और 3 हजार रूपये की नगद राशि दी गई। तीसरा स्थान झुमका मछुआरा सहकारी समिति के अजय सत्यनारायण ने प्राप्त किया। इन्हें शील्ड एवं 2 हजार रूपये की नगद राशि दी गई। कबड्डी प्रतियोगिता में खड़गवां की टीम विजेता और कटोरा टीम उप विजेता रही। गदबदी की टीम को तीसरा स्थान मिला। इस अवसर पर मनेन्द्रगढ़ के विधायक श्री दीपक पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी चिरमिरी के महापौर श्री डम्बरू बेहरा, बैकुण्ठपुर नगर पालिका के अध्यक्ष श्री शैलेष शिवहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संभागायुक्त श्री एम.एस.पैकरा, जिला प्रशासन के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने रोमांचक गतिविधियों का आनंद उठाया।

