छत्तीसगढ़ की जनता को स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई सौगात: कैंसर और सिकलिंग के मरीजों को मिलेगी राहत
अत्याधुनिक लीनियर एक्सीलेरेटर, सीटी सिमुलेटर, कैंसर आई.सी.सी.यू. और सिकल सेल मोबाईल क्लीनिक का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह 19 जून को करेंगे शुभारंभ
रायपुर 18 जून 2010
छत्तीसगढ़ की जनता को लीनियर एक्सीलेरेटर और सीटी सिमुलेटर मशीन के रूप स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह शनिवार 19 जून को सवेरे 11 बजे राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अम्बेडकर अस्पताल में कैंसर की अत्याधुनिक लीनियर एक्सीलेरेटर, सीटी सिमुलेटर और कैंसर आई.सी.सी.यू. का शुभारंभ करेंगे। इस मशीन के शुभारंभ के साथ ही डॉ. भीमराव अम्बेडकर देश का एक मात्र ऐसा शासकीय चिकित्सालय हो जाएगा, जहां कैंसर के मरीजों के लिए विश्व की सर्वश्रेष्ठ अत्याधुनिक मशीन की सुविधा होगी। यह मशीन डॉ. भीमराव अम्बेडकर अस्पताल के कैंसर विभाग में स्थापित की गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह 'विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस' के अवसर पर 19 जून को छत्तीसगढ़ की जनता को सिकल सेल मोबाईल क्लीनिक की सौगात भी देने जा रहे हैं। इसका शुभारंभ भी डॉ. भीमराव अम्बेडकर चिकित्सालय में प्रात: 11 बजे होगा। यह मोबाइल क्लीनिक गांवों में जाकर सिकलिंग के मरीजों का उपचार और परामर्श देगा। शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता रायपुर के सासंद श्री रमेश बैस करेंगे। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल, लोक निर्माण और स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, नगरीय प्रशासन मंत्री श्री राजेश मूणत, रायपुर उत्तर क्षेत्र के विधायक श्री कुलदीप जुनेजा और नगरनिगम रायपुर की महापौर श्रीमती किरणमयी नायक विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। डॉ. भीमराव अम्बेडकर चिकित्सालय के कैंसर विभाग के प्रमुख डॉ. विवेक चौधरी ने बताया कि अस्पताल में लीनियर एक्सीलेरेटर और सीटी सिमुलेटर मशीन की सुविधा हो जाने से कैंसर रोगियों का इलाज आसान हो जाएगा और इन मशीनों से कैंसर मरीजों को विश्वस्तरीय इलाज की सुविधा मुहैय्या होगी। उन्होंने बताया कि लीनियर एक्सीलेरेटर मशीन आठ करोड़ रूपए और सीटी सिमुलेटर मशीन तीन करोड़ रूपए की राशि से खरीदी गई है। सीटी सिमुलेटर मशीन से मरीज के रोग वाले हिस्से का स्कैन होगा और उसके माध्यम से रेडियेशन बीम तैयार किया जाएगा। इसके बाद लीनियर एक्सीलेरेटर मशीन से रोग वाले हिस्से की सिंकाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि लीनियर एक्सीलेरेटर मशीन से मरीज के उसी हिस्से अथवा अंग पर रेडियेशन किया जाना संभव होता है, जो कैंसर प्रभावित है। सामान्य कोबाल्ट मशीन से रिेडियेशन किए जाने पर प्रभावित अंग के अलावा उसके आसपास के अंग के भी प्रभावित होने की आशंका होती है। जबकि लीनियर एक्सीलेरेटर मशीन से सिंकाई से पहले सीटी सिमुलेटर मशीन से रेडियेशन बीम तैयार कर लिए जाने से यह खतरा समाप्त हो जाता है। लीनियर एक्सीलेरेटर मशीन सामान्य कोबाल्ट सिंकाई मशीन से दस गुना ज्यादा शक्तिशाली है। इससे प्रतिदिन पचास से साठ मरीजों की सिंकाई की जा सकेगी। लीनियर एक्सीलेरेटर मशीन डॉ. भीमराव अम्बेडकर के कैंसर विभाग में स्थापित किया गया है जबकि सीटी सिमुलेटर मशीन के लिए दस लाख रूपए की लागत से अलग भवन का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि कैंसर के मरीजों के लिए बीस बिस्तरों वाला आई.सी.सी.यू. का निर्माण भी कराया गया है।

