छत्तीसगढ़ में दो महीने में लगभग तीन हजार नसबंदी आपरेशन
पुरूष नसबंदी पर ग्यारह सौ रूपए की प्रोत्साहन राशि
रायपुर 28 जून 2011
छत्तीसगढ़ में वर्तमान वित्तीय वर्ष 2011-12 में परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत अप्रैल और मई 2011 में दो हजार 952 नसबंदी आपरेशन किए गए हैं। इनमें दो हजार 730 महिला और 222 पुरूष नसबंदी शामिल है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारियों को नसबंदी आपरेशन का कार्य अस्पतालों में नियमित रूप से करने के निर्देश दिए हैं। परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत पुरूष नसबंदी पर ग्यारह सौ रूपए और महिला नसबंदी पर छह सौ रूपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसके अलावा नसबंदी के लिए प्रोत्साहित करने वाले प्रेरकों को भी पुरूष नसबंदी पर दो सौ रूपए और महिला नसबंदी पर 150 रूपए की प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाता है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि वित्तीय वर्ष 2011-12 में पिछले दो महीनों में बस्तर जिले में 81, कांकेर जिले में 27, बिलासपुर जिले में 450, रायगढ़ जिले में 51, जांजगीर-चाम्पा जिले में 52, कोरबा जिले में 58, राजनांदगांव जिले में 440, दुर्ग जिले में 766, रायपुर जिले में 638, कबीरधाम (कवर्धा) जिले 48, महासमुंद जिले में 97, धमतरी जिले में 78, सरगुजा जिले में 114, कोरिया जिले में 24 और जशपुर जिले में 27 नसबंदी आपरेशन किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा परिवार कल्याण कार्यक्रम के अन्तर्गत नसबंदी कराने पर बीमा सुरक्षा प्रदान की गयी है। इसके तहत नसबंदी आपरेशन के सात दिन के भीतर मृत्यु हो जाती है, तो निकटतम परिजन को अधिकतम दो लाख रूपए की राशि दिए जाने का प्रावधान है। नसबंदी आपरेशन के पश्चात आठ से तीस दिन के भीतर मृत्यु होती है, तो अधिकतम पचास हजार रूपए की सहायता दी जाती है। इसी तरह नसबंदी आपरेशन असफल हो जाने पर अधिकतम तीस हजार रूपए तथा नसबंदी आपरेशन के बाद जटिलता हो जाने पर दो महीने तक उपचार के लिए अधिकतम 25 हजार रूपए की सहायता राशि दी जाती है।

