बस्तर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के प्रयास कमिश्नर ने ली विशेष बैठक
रायपुर 26 अगस्त 2010
छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल बस्तर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं को और भी अधिक बेहतर बनाने तथा कुपोषण मुक्ति के लिए चल रहे प्रयासों की समीक्षा के उददेश्य से कमिश्नर श्री के. श्रीनिवासुलू ने आज संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में संबंधित अधिकारियों की विशेष बैठक ली। इसमें संभाग के सभी पांच जिलों के स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी शामिल हुए। कमिश्नर ने बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह बस्तर संभाग के सर्वांगीण विकास के लिए काफी गंभीर है। इसके लिए बस्तर संभाग के लोगों को स्वस्थ तथा कुपोषण मुक्त बनाए रखना भी बहुत जरूरी है।
कमिश्नर ने इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए जनचेतना और आम नागरिकों के साथ सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने दोनों विभागों के मध्य आपसी समन्वय बढ़ाने तथा टीम भावना से काम करने पर भी जोर दिया। उन्होंने जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों तथा महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारियों और परियोजना अधिकारियों से मैदानी क्षेत्राें में किए जा रहे कार्यो की जानकारी ली। कमिश्नर ने कहा कि संभाग में संसाधनों को बढ़ाने तथा नयी नियुक्तियां किए जाने का कार्य किया जा रहा हैं। उन्होंने मैदानी अमले के अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा गया कि वे अपने कार्यक्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा लोगों से मिले और उन्हें अच्छे स्वास्थ्य और कुपोषण दूर करने के लिए किए जाने वाले कार्यो की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर के मैदानी अमले जैसे मितानिन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका आदि की इस कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर में कमी हो रही है। महिला और बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आंगनबाड़ियों की संख्या बढ़ायी गयी है। जननी सुरक्षा योजना के क्रियान्वयन से भी यह दर कम हुई है। जिलों में नियमित रूप से स्वास्थ्य और पोषण दिवसों का आयोजन करने के साथ साल में दो बार शिशु संरक्षण माह और निर्धारित अवधियों में स्वास्थ्य शिविरों का आायोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना के तहत बच्चों का वजन नियमित रूप से लेने स्वास्थ्य परीक्षण करने तथा कुपोषण दूर करने के लिए उन्हें पौष्टिक आहार और औषधियों का वितरण किया जा रहा है।

