स्वास्थ्य विभाग में इस वर्ष पांच हजार से अधिक नये पद सृजित होंगे
स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी-स्वास्थ्य मंत्री श्री अग्रवाल
रायपुर 02 अप्रैल 2011
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए इस वर्ष विशेषज्ञ चिकित्सकों के अलावा पैरामेडिकल स्टॉफ के पांच हजार 179 नये पद सृजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण्ा मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने आज यहां बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में निश्चेतना विशेषज्ञ और अस्थि रोग विशेषज्ञों की कमी महसूस की जा रही थी। इसके साथ ही जरूरत के मुताबिक पैरामेडिकल स्टॉफ की नियुक्ति के लिए लगभग पांच हजार नये पदों का सृजन किया जाएगा। इन सबके लिए वित्तीय वर्ष 2011-12 के बजट में आवश्यक प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन पदों पर नियुक्ति हो जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर होंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2011-12 में निश्चेतना विशेषज्ञ के 148 और अस्थि रोग विशेषज्ञ के 56 नये पद सृजित किए जाएंगे। इन पदों के सृजन से प्रदेश के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में एक-एक निश्चेतना विशेषज्ञ और अस्थि रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि बस्तर संभाग में नर्सिंग सेवाओं के रिक्त पदों को भरने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत बस्तर संभाग के सभी पांचों जिलों में स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्रों में 949 महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के पद सृजित किए जा रहे हैं। इससे बस्तर संभाग का कोई भी उप स्वास्थ्य केन्द्र स्वास्थ्य कार्यकर्ता विहीन नहीं रहेगा। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 741 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में ग्रामीण चिकित्सा सहायकों के 741 अतिरिक्त पद सृजित किए जा रहे हैं। इससे तीन वर्षीय चिकित्सा पाठयक्रम उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में 741 स्टॉफ नर्स और 741 सहायक ग्रेड-तीन के अतिरिक्त पद सृजित किए जाएंगे। श्री अग्रवाल ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सिविल अस्पतालों और जिला चिकित्सालयों के लिए नर्सिंग सिस्टर के 25, स्टॉफ नर्स के एक हजार 554 तथा लैब तकनीशियन के 224 अतिरिक्त पद निर्मित किए जाएंगे।

