ग्राम पंचायतों को दी गई राशि का समुचित उपयोग हो-श्री अमर अग्रवाल
कलेक्टरों को निर्देश जारी
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत ग्राम स्वास्थ्य और स्वच्छता समिति को दी गई अनटाइड फंड की राशि गांव की भलाई पर खर्च करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बीस हजार से अधिक गांवों में ग्राम स्वास्थ्य और स्वच्छता समिति का गठन कर उन्हें दस हजार रूपए की अनटाईफ फंड की राशि दी गई है, लेकिन योजनाओं की समीक्षा के दौरान देखने में यह आया है कि गांवों में इस राशि को खर्च ही नहीं किया गया है, जबकि यह राशि गांव की स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं के निदान पर खर्च करने के लिए दी गई है। इस राशि का उपयोग गांव के हित हो, इसके लिए श्री अग्रवाल ने विभागीय अधिकारियों को इस दिशा ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत गांवों में स्वास्थ्य और स्वच्छता समितियों का गठन कर उनके बैंक खातों में दस-दस हजार रूपए की राशि दी गई है। यह पूरी राशि लगभग बीस करोड़ के आसपास है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्राम स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति के लगभग 65 हजार सदस्यों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री श्री अग्रवाल के निर्देश पर राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन छत्तीसगढ़ के संचालक ने सभी जिला कलेक्टरों को परिपत्र जारी कर इस राशि के उपयोग के लिए समुचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है। उन्होंने आगामी 30 सितम्बर तक कार्ययोजना बनाकर इस राशि को खर्च कर उपयोगिता प्रमाण भिजवाने के लिए भी कहा है। परिपत्र में कहा गया है कि अनटाईड फंड की राशि के उपयोग के लिए बनायी जाने वाली कार्ययोजना में गांव की स्वास्थ्य और साफ-सफाई को प्राथमिकता से शामिल किया जाए। इस कार्ययोजना में नाली की साफ-सफाई, पानी निकासी के लिए नालियों का निर्माण, मरम्मत और ग्राम स्वास्थ्य और पोषण दिवस संचालित होने वाले आंगनबाड़ी केन्द्रों में गर्भवती माताओं की जांच के लिए टेबल, कुर्सी, पर्दा, सार्वजनिक भवनों पर शेड निर्माण, कक्षों के पार्टीशन को भी शामिल किया जा सकता है।
परिपत्र में कहा गया है कि गांवों में मच्छरों के पनपने वाले स्रोतों की साफ-सफाई, मच्छर रोधी दवा डी.डी.टी. के छिड़काव, मजदूरों को पारिश्रमिक का भुगतान, आपातकालीन स्थिति में प्रसव के लिए मरीज को अस्पताल भेजने, ग्राम स्वास्थ्य की योजना बनाने में स्टेशनरी के उपयोग, ग्राम स्वास्थ्य सूचकांकों को प्रदर्शित करने के लिए बोर्ड, पेयजल स्रोतों के शुध्दिकरण और रखरखाव तथा महामारी के रोकथाम एवं उपचार के लिए तात्कालिक व्यवस्था के रूप में अनटाईड फंड की राशि का उपयोग किया जा सकता है। ग्राम स्वास्थ्य और स्वच्छता समिति को दी गई राशि का उपयोग केवल स्थानीय स्तर पर किया जाएगा। विकासखंड अथवा जिला स्तर पर किए गए खर्च को मान्य नहीं किया जाएगा।

