एड्स से बचाव की जानकारी देने रेल्वे स्टेशन और बस स्टैण्डों में सूचना केन्द्र खोले जांएगे
रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर में 14 अक्टूबर को होगा शुभारंभ
रायपुर 6 अक्टूबर 2010
छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा रोजगार के लिए राज्य से बाहर जाने वालों को एड्स से बचाव की जानकारी देने के लिए रेल्वे स्टेशन और बस स्टैण्डों में सूचना केन्द्र स्थापित किया जा रहा है। इन केन्द्रों की स्थापना राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन नई दिल्ली के सहयोग से किया जा रहा है। पहले चरण में पायलट प्रोजेक्ट के तहत रायपुर,बिलासपुर और जांजगीर के रेल्वे स्टेशन और बस स्टैण्डों में ये सूचना केन्द्र 14 अक्टूबर से शुरू शुरू हो जाएंगे। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रणा संगठन नई दिल्ली के नोडल अधिकारी श्री अशोक रायसिंघानी और सुश्री निमीशा गोस्वामी सूचना केन्द्रों की स्थापना के लिए इस समय छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि इन सूचना केन्द्रों में एक पुरूष और एक महिला काउंसलर को तैनात किया जा रहा है। रेल्वे स्टेशन और बस स्टैण्डों से राज्य के बाहर जाने वालों को काउंसलरों द्वारा एड्स से बचाव की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही उनके द्वारा एड्स से बचाव से संबंधित प्रचार सामग्री का भी वितरण किया जाएगा। ऐसे व्यक्ति जो घर के बाहर असुरक्षित यौन संबंध स्थापित कर चुके हैं, उन्हें एच.आई.वी. जांच के लिए एकीकृत जांच एवं परामर्श केन्द्र जाने की भी सलाह दी जाएगी। इन सूचना केन्द्रों में एड्स से बचाव की जानकारी देने के साथ ही महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गांरटी योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना सहित छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारमूलक योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

