कबीरधाम जिले के दो डॉक्टर निलंबित
रायपुर 19 अप्रैल 2011
राज्य शासन द्वारा कार्य से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के कारण कबीरधाम जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बोड़ला के दो चिकित्सा अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। संचालक स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा आज यहां इनके निलंबन के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार कबीरधाम जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बोड़ला के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक सिंह गौड़ फरवरी 2007 से और डॉ. कालिका प्रसाद जांगड़े 11 नवम्बर 2010 से अपने पदस्थापना स्थल से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित थे। कलेक्टर कबीरधाम के प्रतिवेदन के आधार पर संचालक स्वास्थ्य सेवाएं ने इन दोनों चिकित्सा अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में इन दोनों डॉक्टरों का मुख्यालय रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय होगा।

