प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में प्रति सप्ताह 'महतारी लईका दिवस' मनाया जाएगा
महिला चिकित्सक करेंगी जांच एवं उपचार
कलेक्टरों को निर्देश जारी
रायपुर एक दिसम्बर 2010
छत्तीसगढ़ में गर्भवती माताओं और बच्चों की जांच एवं उपचार के लिए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में हर सप्ताह ' महतारी लईका दिवस' मनाया जाएगा। इसके तहत एक महिला चिकित्सक सप्ताह में एक निश्चित दिन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर गर्भवती माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी। इसके लिए लेब तकनीशियन और महिला बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की भी डयूटी लगाई गई है। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के संचालक द्वारा इस कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सभी जिला कलेक्टरों को पत्र लिखा गया है। उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने 17 सितम्बर को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित प्रसव, महिलाओं में प्रजननतंत्र संक्रमण और यौन बीमारियों के उपचार के लिए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में सप्ताह में एक दिन महिला चिकित्सकों की अनिवार्य रूप से डयूटी लगाने के निर्देश दिए गए थे। महिला चिकित्सकों की तैनाती से अब ग्रामीण महिलाएं प्रसव और यौन संबंधी बीमारियों के बारे में महिला चिकित्सकों को बिना संकोच के बता सकेंगी।
महतारी लईका स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर महिला चिकित्सकों द्वारा गर्भवती माताओं की जांच, उपचार और परामर्श दिया जाएगा। इसके साथ ही कापर टी निवेशन, प्रजननतंत्र संक्रमण की जांच एवं उपचार, यौन रोग की जांच एवं उपचार, सामान्य प्रसव की सुविधा, शिशु स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त परीक्षण और पैथालॉजी जांच की नि:शुल्क सुविधाएं दी जाएगी। इस दिन ओपडी और विभिन्न जांच के लिए मरीजों से जीवनदीप समिति के शुल्क से मुक्त रखा गया है। महतारी लईका स्वास्थ्य दिवस का ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्र्रसार कराने के लिए कलेक्टरों को कहा गया है। कलेक्टरों को जारी निर्देश में कहा गया है कि महतारी लईका स्वास्थ्य दिवस के एक दिन पूर्व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के अन्तर्गत आने वाले गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराई जाए। जिला, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों को महतारी लईका स्वास्थ्य दिवस (फिक्स डे) का कलेण्डर दिया जाए। इसके साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और उपस्वास्थ्य केन्द्रों में फ्लेक्स बोर्ड लगाकर महतारी लईका दिवस और इस दिन दी जाने वाली सेवाओं को प्रदर्शित किया जाए। आंगनबाड़ी केन्द्रों, ग्राम पंचायत भवनों और अन्य स्थानों पर भी इसको प्रदर्शित किया जाए। विकासखंड स्तर पर पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर मातृत्व स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं की जानकारी देने के लिए कहा गया है।
महतारी लईका दिवस पर महिला चिकित्सक के अलावा लेब तकनीशियन, ए.एन.एम. स्टाफ नर्स, बहु उद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता और प्रशिक्षित मितानिनों की भी डयूटी लगाई गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों और विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को महतारी लईका स्वास्थ्य दिवस पर दी जाने वाली सेवाओं का नियमित निरीक्षण और पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के तहत महिला चिकित्सकों और स्टॉफ के लिए प्रोत्साहन राशि का भी प्रावधान किया गया है। महिला चिकित्सक को प्रति भेंट दो सौ रूपए और एक दिन में तीस से अधिक महिलाओं की जांच के लिए तीन सौ रूपए का मानदेय दिया जाएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तक जाने के लिए शासकीय वाहन उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में उन्हें वाहन भत्ता भी दिया जाएगा।

