जिला स्तरीय नि:शुल्क समेकित आयुष स्वास्थ्य मेला 12 दिसम्बर को
रायपुर, 7 दिसम्बर 2011
राज्य शासन के स्वास्थ्य विभाग से संबंधित जिला आयुर्वेद कार्यालय रायपुर द्वारा आगामी 12 दिसम्बर को सवेरे नौ बजे से शाम पांच बजे तक यहां पटेल विद्या मंदिर महाराजबंद तालाब के किनारे महामाई पारा में 'जिला स्तरीय नि:शुल्क समेकित आयुष स्वास्थ्य मेला' का आयोजन किया गया है। छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा यूनानी सिध्द और होम्यौपैथी (आयुष) के संचालक डॉ. जी. एस. बदेशा शिविर में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम रायपुर की पार्षद श्रीमती सरिता वर्मा करेंगी। शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ और मेडिकल विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे। शिविर में रक्त में हीमोग्लोबिन परीक्षण, सिकलिंग परीक्षण, मलेरिया रक्त पट्टी परीक्षण तथा थूक जांच की व्यवस्था रहेगी। शिविर में आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी तथा एलोपैथी के चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा सामान्य और विभिन्न जीर्ण रोगों की चिकित्सा के साथ ही औषधियों का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा। जिला आयुर्वेद अधिकारी ने आम जनता से शिविर में उपस्थित होकर लाभ उठाने की अपील की है।

