एड्स नियंत्रण के लिए कलाजत्थों की राज्य स्तरीय कार्यशाला शुरू
रायपुर, 24 अप्रैल 2011
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन नई दिल्ली और छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति के द्वारा एच.आई.व्ही.,एड्स से बचाव की जानकारी कला दलों के माध्यम से देने के लिए आज यहां चार दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला शुरू हुई। रायपुर के श्री दुधाधारी सत्संग भवन में आयोजित इस कार्यशाला का शुभारंभ संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं एवं राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संचालक डॉ. कमलप्रीत सिंह ने किया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया अधिकारी, कला दल के कलाकार, मास्टर टे्रनर और रिसोर्स व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यशाला में 27 अप्रैल तक मास्टर ट्रेनर द्वारा कला दलों के कलाकारों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
कार्यशाला में प्रत्येक जिले से दो पंजीकृत कला दल के चार-चार कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। प्रत्येक जिले से आठ कलादल के सदस्य होंगे। जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं। इस कार्यक्रम में प्रत्येक जिले के मीडिया अधिकारियों को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यशाला में मीडिया अधिकारी, टीआई, एन.जी.ओ. आदि के सहयोग से गांवाें का रूट प्लान तैयार किया जाएगा, जहां पर उन्हें कला दल का प्रस्तुतिकरण किया जाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में नाको नई दिल्ली से मोहनिस कुमार, सलाहकार आईईसी और रेड रिबन तथा सुश्री मृदु भी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद छत्तीसगढ़ को एचआईव्ही,एड्स से मुक्त करने के लिए उच्च जोखिम क्षेत्रों में कलाकारों के माध्यम से सुरक्षित यौन संबंध, कलंक भेदभाव दूर करना, माईग्रेंट पर आधारित स्क्रीप्ट प्ले के साथ ही युवा वर्ग में रक्त दान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यशाला में पहले दिन कलाकारों को प्रचार-प्रसार के संबंध में जानकारी दी गई। गांवों में मुनादी, प्रचार सामग्री बांटना, एनजीओे के सहयोग, रिक्शा माईकिंग, पोस्टर पाम्पलेट, टीन प्लेट लगाया जाएगा। कार्यक्रम संपादन के बाद सरपंच,सचिव निगरानी समिति के सदस्य और एड्स काउंसलर से सत्यापन कराया जाएगा। कार्यशाला में अंतिम दिवस 27 अप्रैल को कला दलों को स्क्रीप्ट देकर उनके द्वारा प्रस्तुतिकरण किया जाएगा, और जिले के सर्वश्रेष्ठ तीन कला दलों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

