छत्तीसगढ़ के सभी विकासखंडों में एम्बुलेंस की सुविधा
राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में ट्रामा यूनिट तैनात
रायपुर 25 फरवरी 2010
राज्य शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों को लाने-ले-जाने के लिए सभी विकासखण्ड मुख्यालयों को एक-एक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण संचालनालय द्वारा सभी एम्बुलेंस पिछले महीने विकासखण्ड मुख्याल्यों के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को भेज दी गई है। यह एम्बुलेंस यूरोपियन यूनियन और राज्य शासन की के सहायोग से खरीदी गई है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चौबीस ट्रामा यूनिट भी राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को उपलब्ध कराई गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधा के विस्तार की दिशा में पहल करते हुए पहली बार छत्तीसगढ़ के सभी विकासखंड मुख्यालयों में 146 एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अधिकारियों ने बताया कि रायपुर जिले के पन्द्रह, महासमुंद जिले के पांच, धमतरी जिले के चार, दुर्ग जिले के बारह, राजनांदगांव जिले के नौ, कवर्धा जिले के चार और बस्तर जिले के बारह विकासखंडों को एम्बुलेंस उपलब्ध कराया गया है। इसी तरह उत्तर बस्तर कांकेर जिले के सात, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के सात, बिलासपुर जिले के दस, जांजगीर-चांपा जिले के नौ, कोरबा जिले के पांच, रायगढ़ जिले के नौ, जशपुर जिले के आठ, सरगुजा जिले के 19, कोरिया जिले के पांच, बीजापुर जिले के चार और नारायणपुर जिले के दो विकासखंडों को एम्बुलेंस दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित 24 ट्रामा यूनिट भी राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को दिया गया है। इनमें रायपुर जिले को तीन, महासमुंद जिले को दो, धमतरी जिले को एक, राजनांदगांव जिले को दो, कबीरधाम जिले को एक, बस्तर जिले को एक, उत्तर बस्तर कांकेर जिले को एक, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले को चार, कोरबा जिले को एक, रायगढ़ जिले को एक, जशपुर और सरगुजा जिले को दो-दो, कोरिया जिले को एक और बीजापुर जिले को दो एम्बुलेंस उपलब्ध कराए गए हैं। ये ट्रामा यूनिट राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को उपलब्ध कराया गया है। इनमें जीवन रक्षक दवाईयों के अलावा खून रोकने और अन्य दवाईयों उपलब्ध रहती है। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही ट्रामा यूनिट चिकित्सा दल के साथ मौके पर पंहुचता है और घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद जरूरी होने पर उन्हें जिला अस्पताल अथवा अन्य अस्पताल तक पंहुचाया जाता है।
क्रमांक 4169/कुशराम

