'अंधत्व निवारण में भागीदारी एवं गुणवत्ता सुधार'
पर दो दिवसीय कार्यशाला आज से
रायपुर 27 अप्रैल 2010
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ में 'अंधत्व निवारण में भागीदारी एवं गुणवत्ता सुधार' विषय पर 28 और 29 अप्रैल को दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल आज 28 अप्रैल को प्रात: 10 बजे जेल रोड स्थित होटल बेबीलोन इन में कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के सचिव श्री विकासशील शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता करेंगे। कार्यशाला राज्य स्वास्थ्य संसाधन केन्द्र और साईट सेवर्स इन्टरनेशनल के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यशाला में छत्तीसगढ़ में अंधत्व निवारण में आने वाली कठिनाई और इसमें निजी और सेवाभावी संस्थाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यशाला के पहले दिन शासकीय चिकित्सक, निजी नेत्र चिकित्सक, गैरसरकारी संगठनों के नेत्र चिकित्सकों और विभागीय अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यशाला के दूसरे दिन शासकीय अस्पतालों में कार्यरत नेत्र चिकित्सक, नेत्र सर्जन और विभागीय अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।

