राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना पर राष्ट्रीय कार्यशाला तीन मई से
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह करेंगे शुभारंभ
राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना पर राष्ट्रीय कार्यशाला तीन मई से पांच मई तक रायपुर के वी.आई.पी. रोड स्थित होटल बेबीलोन में आयोजित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह तीन मई को सवेरे 11 बजे इस कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे। केन्द्रीय श्रम कल्याण एवं रोजगार मंत्री श्री मलिकार्जुन खड़गे कार्यशाला के शुभारंभ सत्र की अध्यक्षता करेंगे। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल, कृषि एवं श्रम मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। तीन दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में भारत सरकार के श्रम कल्याण महानिदेशक श्री अनिल स्वरूप और छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री आर.एस. विश्वकर्मा भी उपस्थित रहेंगे। कार्यशाला में विभिन्न राज्यों के राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के नोडल अधिकारी और बीमा कम्पनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में गरीबी रेखा श्रेणी के 24 लाख 94 हजार परिवारों का स्मार्ट कार्ड बनाया जाना है। इनमें लगभग 18 लाख 67 हजार परिवारों का पंजीयन हो चुका है तथा 14 लाख 13 हजार परिवारों का स्मार्ट कार्ड बन चुका है और वे इस कार्ड के माध्यम से योजना का लाभ ले रहे हैं। इस योजना के अन्तर्गत गरीबी रेखा श्रेणी परिवार का मुखिया और परिवार के चार अन्य सदस्य एक वर्ष में तीस हजार रूपए तक का नि:शुल्क इलाज किसी भी पंजीकृत अस्पताल में करा सकते हैं। इस योजना में सरकारी और निजी दोनों तरह के 615 अस्पतालों को स्मार्ट कार्ड के आधार पर नि:शुल्क इलाज के लिए पंजीकृत किया गया है।
इनमें 412 सरकारी और 203 निजी अस्पताल शामिल हैं। स्मार्ट कार्डधारक परिवार योजना के अन्तर्गत सरकारी अथवा निजी अस्पताल में इलाज के लिए स्वतंत्र है। अस्पतालों को इलाज का खर्च बीमा कम्पनी के माध्यम से भुगतान किया जाता है। अब तक बीमा कम्पनियों द्वारा 17 हजार से अधिक प्रकरणों में दस करोड़ रूपए से अधिक राशि का भुगतान संबंधित अस्पतालों को किया जा चुका है।

