स्वस्थ छत्तीसगढ : समृध्द छत्तीसगढ़ अभियान - विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य मेलों के आयोजन का सिलसिला शुरू
पन्द्रह विकासखंडों में शिविर सम्पन्न
सभी प्रकार की बीमारियों की जांच और उपचार की सुविधा
रायपुर 17 जनवरी 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निर्देश पर स्वस्थ छत्तीसगढ़-समृध्द छत्तीसगढ़ अभियान के तहत विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य मेलों के आयोजन का सिललिसला शुरू हो गया है। अब तक प्रदेश के पन्द्रह से अधिक विकासखंडों में इस आयोजन हो चुका है। विकासखंड स्तर के बाद जिला स्तर पर स्वास्थ्य मेलों का आयोजन दस फरवरी तक किया जाना है। इन स्वास्थ्य मेलों में सभी प्रकार की बीमारियों की जांच और उपचार किया जा रहा है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पहली बार व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विकासखंड स्तर पर मोतियांबिद और परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत नसबंदी आपरेशन किए जा रहे हैं। जबकि अन्य बीमारियों के आपरेशन जिला स्तर पर आयोजित स्वास्थ्य मेलों में किए जाएंगे। इस संबंध में प्रदेश के सभी कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि रायपुर जिले के विकासखंड आरंग, धरसींवा, राजिम, बिलाईगढ़ और कसडोल में विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेलों का आयोजन हो चुका है। इसी तरह राजनांदगांव जिले के विकासखंड मानपुर, मोहला, अम्बागढ़ चौकी, डोंगरगांव, छुरिया, डोंगरगढ़, महासमुंद जिले के पिथौरा, धमतरी जिले के कुरूद, मगरलोड और नगरी तथा बिलासपुर जिले के मरवाही एवं कोटा विकासखंडों में स्वास्थ्य मेलों का आयोजन हो चुका है। शेष विकासखंडों में स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के सचिव ने जनवरी माह के अंत तक सभी विकासखंडों में तथा नौ फरवरी तक सभी जिला मुख्यालयों में स्वास्थ्य मेलों का आयोजन करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि बड़े जिलों में सभी विकासखंडों में जिला स्तर से पहले स्वास्थ्य मेले का आयोजन संभव नहीं होने पर मार्च महीने में जिला स्तर पर फिर से स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाए। विकासखंड स्तर पर आयोजित होने वाले स्वास्थ्य मेलों में सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के अलावा सिकल सेल जांच, परिवार नियोजन और मोतियाबिन्द के ऑपरेशन किए जा रहे हैं। इसके साथ ही कुपोषित बच्चों की जांच और ग्रेड तीन और चार के कुपोषित बच्चों को बाल सुपोषण योजना के अंतर्गत चिकित्सकीय जांच विकासखंड स्तर पर किया जा रहा है।
मेले में मुख्यमंत्री बाल हृदय और मुख्यमंत्री बाल श्रवण योजना के लिए बच्चों तथा नि:शक्तजन एवं कुष्ठ रोगियों की सर्जरी के लिए स्क्रीनिंग की जा रही है। रेडक्रास के सहयोग से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही कटे-फटे ओठों की प्लास्टिक सर्जरी के लिए हितग्राहियों की पहचान, हार्निया, हाइड्रोसील, ओवेरियनसिस्ट एवं बच्चादानी ऑपरेशन योग्य मरीजों की भी पहचान की जा रही है। विकासखंड स्तर पर चिन्हित आपरेशन योग्य मरीजों का विकासखंड स्तर पर संभव नहीं होने पर जिला स्तर पर आयोजित स्वास्थ्य मेले में उनका आपरेशन किया जाएगा।

