संजीवनी एक्सप्रेस में श्रीमती देवमती ने दिया शिशु को जन्म
बस्तर में भी मददगार बन रही है संजीवनी एक्सप्रेस
रायपुर 29 जनवरी 2011
छत्तीसगढ़ में किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पंहुचाने के लिए 25 जनवरी से शुरू '108 संजीवनी एक्सप्रेस' दूरस्थ बस्तर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों के लिए मददगार बन रही है। बस्तर जिले के लोहाण्डीगुडा विकासखंड के ग्राम कुम्हाली की गर्भवती माता श्रीमती देवमती को प्रसव पीड़ा होने
पर संजीवनी एक्सप्रेस से उसे अस्पताल ले जाने के दौरान ही उन्होंने एम्बुलेंस में ही एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। संजीवनी एक्सप्रेस के एम्बुलेंस में शिशु के जन्म का यह पहला प्रकरण है।
रायपुर स्थित कॉल सेंटर में आज सवेरे टोल फ्री नम्बर 108 से कॉल आया कि बस्तर जिले के लोहाण्डीगुडा विकासखंड के ग्राम कुम्हाली में एक गर्भवती महिला श्रीमती देवमती को तत्काल एम्बुलेंस की जरूरत है। कॉल सेंटर को यह कॉल आज सवेरे 8.05 बजे आया। कॉल आने के तुरंत बाद लोहाण्डीगुडा में तैनात संजीवनी एक्सप्रेस को ग्राम कुम्हाली पंहुचने के लिए निर्देशित किया गया और 8.30 बजे संजीवनी एक्सप्रेस का एम्बुलेंस ग्राम कुम्हाली पहुंच गया। मरीज को लेकर संजीवनी एक्सप्रेस लोहाण्डीगुडा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के लिए रवाना हुआ ही था कि रास्ते में एम्बुलेंस में ही श्रीमती देवमती ने नवजात शिशु (बालक) का जन्म दिया। एम्बुलेंस में मौजूद तकनीकी स्टॉफ कुमारी ज्योति मिश्रा ने श्रीमती देवमती का सुरक्षित प्रसव कराया और आवश्यक उपचार के बाद उसे लोहाण्डीगुडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया, जहां जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
उल्लेखनीय है कि 25 जनवरी को योजना की शुरूआत होने के बाद कॉल सेंटर को अब तक 8 हजार एक सौ कॉल प्राप्त हो चुके हैं। इनमें केवल 60 कॉल ही इमरजेंसी के थे। इमरजेंसी कॉल में से 51 प्रकरणों में मरीजों को अस्पताल पंहुचाया गया हैं। इस योजना के तहत किसी भी आपात स्थिति में बस्तर और रायपुर जिले का कोई भी व्यक्ति लेण्ड लाईन अथवा मोबाईल से टोल फ्री नम्बर 108 डॉयल कर संजीवनी एक्सप्रेस की एम्बुलेंस सुविधा का लाभ ले सकता है। यह एम्बुलेंस सेवा बिलकुल नि:शुल्क है।

