विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन
रायपुर 05 मई 2011
विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर रविवार 8 मई को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा प्रात: 10 बजे से रायपुर के कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस भवन में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया है। इसमें रेडक्रॉस सोसायटी, रोटरी क्लब, लायंस क्लब और जेसिस के पदाधिकारी भाग लेंगे।
ज्ञातव्य है कि इस वर्ष विश्व रेडक्रॉस दिवस अन्तर्राष्ट्रीय स्वंयसेवक दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। पिछले 150 वर्षों से पूरे विश्व में रेडक्रॉस के स्वंय सेवक असहाय एवं पीड़ित मानवता की सहायता के लिए काम करते आ रहे हैं। भारत में वर्ष 1020 में पार्लियामेंट्री एक्ट के तहत भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी का गठन हुआ, तब से रेडक्रॉस के स्वंय सेवक विभिन्न प्रकार के आपदाओं में निरंतर निस्वार्थ भावना से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अन्तर्राष्ट्रीय रेडक्रॉस ने इस वर्ष अन्तर्राष्ट्रीय रेडक्रॉस का ' Find the Volunteer in side you' (अपने अन्दर के स्वयं सेवक को पहचानें) का नारा दिया है। यह भी उल्लेखनीय है कि रेडक्रॉस के जनक सर हेनरी डयेनेंट का जन्म 8 मई 1928 को हुआ था। उन्होंने समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया और पूरे विश्व के लोगों को मानवतावादी सेवक के रूप में स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। सेवा कार्य के लिए उनके द्वारा गठित सोसायटी को रेडक्रॉस का नाम दिया गया। वर्तमान में विश्व के 186 देशों में रेडक्रॉस सोसायटी कार्य कर रही है। वर्ष 1901 में हेनरी डयूनेंट को उनके मानव सेवा के कार्यों के लिए पहला नोबेल शांति पुरस्कार मिला। हेनरी डयूनेंट के जन्म दिवस 8 मई को विश्व रेडक्रॉस दिवस के रूप में पूरे विश्व में मनाया जाता है। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की छत्तीसगढ़ शाखा द्वारा विश्व रेडक्रॉस के अवसर पर सभी नागरिकों से मानव सेवा में सहभागी बनने की अपील की गई है।

