छत्तीसगढ़ में 86 चिकित्सा अधिकारी बने विशेषज्ञ
रायपुर 31 जनवरी 2011
राज्य शासन ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के अन्तर्गत 86 चिकित्सा अधिकारियों को विशेषज्ञ के पद पर तदर्थ पदोन्नति प्रदान की गई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग द्वारा आज यहां मंत्रालय से इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि स्वास्थ्य विभाग में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में डाक्टरों को पदोन्नति प्रदान की गई है। पदोन्नत चिकित्सा अधिकारियों की नई पदस्थापना कर दी गई है। पदोन्नत चिकित्सा अधिकारियों को पदस्थापना स्थल पर आदेश जारी होने के पन्द्रह दिवस के भीतर कार्यभार ग्रहण करने के लिए कहा गया है। पदोन्नत अधिकारियों से यह भी कहा गया है कि पदस्थापना स्थल में परिवर्तन के लिए किसी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा और इस तरह के प्रयास को अनुशासनहीनता मानकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिन चिकित्सा अधिकारियों को विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी (प्रथम श्रेणी ) के पद पर पदोन्नति दी गई है, उनमें 18 चिकित्सा अधिकारियों को शिशु रोग विशेषज्ञ के पद पर, 14 चिकित्सा अधिकारियों को सर्जरी विशेषज्ञ के पद पर और 14 चिकित्सा अधिकारियों को विशेषज्ञ मेडिसिन के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है। इसी तरह 24 चिकित्सा अधिकारियों को स्त्री रोग विशेषज्ञ के पद पर, 09 चिकित्सा अधिकारियों को नेत्र रोग विशेषज्ञ के पद पर तथा 07 चिकित्सा अधिकारियों को नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है। उल्लेखनीय है कि 28 जनवरी को जारी एक और आदेश में 39 चिकित्सा अधिकारियों को विशेषज्ञ तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई थी।

