छत्तीसगढ़ में एक लाख से अधिक लोगों की आंखों को मिली नयी रौशनी
राष्ट्रीय दृष्टिहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत हुआ
मोतियाबिंद का सफल आपरेशन
रायपुर 19 मई 2011
राष्ट्रीय दृष्टिहीनता निवारण कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ में पिछले वित्तीय वर्ष 2010-11 में एक लाख से अधिक लोगों के मोतियाबिंद के सफल ऑपरेशन किए गए हैं। इससे उनकी धुंधली हो रही आंखों को एक बार फिर नयी रौशनी मिली है। इस कार्यक्रम के तहत सरकारी और निजी अस्पतालों में एक अप्रैल 2010 से 31 मार्च 2011 तक एक लाख 02 हजार 660 मरीजों के मोतियाबिंद का नि:शुल्क आपरेशन किया गया है। इस तरह इस अवधि के लिए प्राप्त एक लाख मोतियाबिंद आपरेशन के लक्ष्य के विरूध्द 102 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है। आपरेशन के बाद 99 हजार 437 मरीजों के आखों में लेंस का नि:शुल्क प्रत्यारोपण किया गया है, जबकि तीन हजार 223 मरीजों को नि:शुल्क चश्मा का वितरण किया गया है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय दृष्टिहीनता नियंत्रण कार्यक्रम की नियमित मॉनीटरिंग और वर्ष भर मोतियाबिंद के आपरेशन करने के निर्देश के फलस्वरूप इस वर्ष मोतियाबिंद के आपरेशन में शतप्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में एक लाख दस हजार मोतियाबिंद आपरेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और अप्रैल माह में ही चार हजार से अधिक आपरेशन किए गए हैं। श्री अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में नियमित ऑपरेशन किए जाते है। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर भी नि:शुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया जाता है। वित्तीय वर्ष 2010-11 में मोतियाबिंद के आपरेशन के लिए एक लाख का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरूध्द 102 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल की गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2004-05 से लेकर अब तक छत्तीसगढ़ में लगभग साढ़े छह लाख से अधिक मोतियाबिंद के सफल आपरेशन किए जा चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2010-11 में बीजापुर जिले में छह सौ के लक्ष्य के विरूध्द 843, रायपुर जिले में 17500 के विरूध्द 21 हजार 01, बिलासपुर जिले में 11 हजार के विरूध्द 13 हजार 192 और रायगढ़ जिले में छह हजार के विरूध्द 6692 मोतियाबिंद आपरेशन किए गए हैं।
इसी तरह महासमुंद जिले में तीन हजार लक्ष्य के विरूध्द तीन हजार 31, जशपुर जिले में दो हजार लक्ष्य के विरूध्द दो हजार 209, दुर्ग जिले में सोलह हजार लक्ष्य के विरूध्द 16 हजार 990, कोरिया जिले में तीन हजार लक्ष्य के विरूध्द दो हजार 899, राजनांदगांव जिले में साढ़े सात हजार के विरूध्द 9 हजार 352, जांजगीर-चांपा जिले में साढ़े चार हजार के विरूध्द चार हजार 550, धमतरी जिले में पांच हजार के विरूध्द चार हजार 811, उत्तर बस्तर कांकेर जिले में तीन हजार के विरूध्द दो हजार 803, कोरबा जिले में छह हजार के विरूध्द पांच हजार 194, सरगुजा जिले में साढ़े पांच हजार के विरूध्द पांच हजार 504, नारायणपुर जिले में चार सौ लक्ष्य के विरूध्द 373, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में दो हजार के विरूध्द 641 और कबीरधाम जिले में दो हजार लक्ष्य के विरूध्द एक हजार 567 मोतियाबिंद का सफल आपरेशन किया गया है। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में कुल 193 नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं, जिनमें से 63 शासकीय सेवा में हैं। प्रदेश के सभी जिला अस्पताल और नौ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में नेत्र आपरेशन की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा विकासखंड स्तर पर हर महीने शिविर लगाकर मोतियाबिंद के आपरेशन किए जाते हैं।

