आयुष हर्बल रिसोर्सेस मैनेजमेंट पर दो दिवसीय कार्यशाला 30 मई से
राज्यपाल श्री दत्त करेंगे शुभारंभ
छत्तीसगढ़ में उपलब्ध वनौषधियों का लाभ आम जनता तक पहुंचाने तथा उनके समुचित विदोहन और व्यापार के लिए आयुष संचालनालय द्वारा 30 मई से 'आयुष हर्बल रिसोर्सेस मैनेजमेंट' पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। राज्यपाल श्री शेखर दत्त 30 मई को अपरान्ह साढ़े तीन बजे नवीन विश्राम गृह सिविल लाईन रायपुर में इस कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल कार्यशाला के शुभारंभ सत्र की अध्यक्षता करेंगे। वन मंत्री श्री विक्रम उसेंडी इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यशाला में देश के ख्यातिनाम विषय विशेषज्ञ छत्तीसगढ़ की वनौषधियों का जनहित में बेहतर उपयोग के लिए नीति निर्धारण में अपने सुझाव देंगे। कार्यशाला में राष्ट्रीय वनौषधि बोर्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बाला प्रसाद, ट्रॉपिकल फारेस्ट रिसर्च इंस्टीटयूट जबलपुर के संचालक डॉ. एम.एस. नेगी, लघु वनोपज संघ रायपुर के प्रबंध संचालक श्री ए.के.सिंग, वन विकास निगम के प्रबंध संचालक डॉ. आर.के.शर्मा, अनुसंधान विंग डाबर के विभाग प्रमुख डॉ. एन.बी. वृंदावनम, डॉ रंजीत पौराणिक, श्री धुतपापेश्वर, श्री नरेन्द्र भट्ट एवं श्री मुकेश ढोलकिया व्याख्यान देंगे। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री दयालदास बघेल 31 मई को अपरान्ह 4 बजे कार्यशाला का समापन करेंगे। समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता संसदीय सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग श्री सिध्दनाथ पैकरा करेंगे। आयुष एवं स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ए.टी.के. दाबके इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

