भू-जल संवर्धन के लिए 76.79 करोड़ के कार्य
रायपुर, 8 अप्रैल 2010
जमीन के नीचे पानी का स्तर बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में भू-स्तर संवर्धन से संबंधित विभिन्न प्रकार के दो हजार 907 कार्य मंजूर किए गए हैं। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत पिछले वित्तीय वर्ष 2009-10 में स्वीकृत इन सभी कार्यों में लगभग 76 करोड़ 79 लाख रूपए की लागत आएगी। इनमें नहर लाईनिंग के 89, नाली निर्माण के सात, नए तालाब निर्माण के 103 और तालाब गहरीकरण के 672 कार्य शामिल हैं। इनके अलावा 50 स्टॉप डेम भी मंजूर किए गए हैं। वर्ष 2008-09 और 2009-10 में जिले में कुंआ निर्माण के एक हजार 883 कार्य स्वीकृत हुए हैं। जिला मुख्यालय बिलासपुर में 18 एकड़ के रकबे में जन-भागीदारी से बनवाए जा रहे बिलासा ताल का अधिकांश कार्य पूरा कर लिया गया है। इस रकबे में से दस एकड़ में तालाब और आठ एकड़ में सार्वजनिक उद्यान बनवाया जा रहा है। इस उद्यान में बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन की अन्य सुविधाएं भी रहेंगी।

