सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान से जुडेंगे 1.30 लाख स्काऊट्-गाईड्स
समाज में जागरूकता आयेगी - श्री केदार कश्यप
स्काऊट-गाईड्स के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
रायपुर 03 सितम्बर 2010

छत्तीसगढ़ को पूर्ण निर्मल राज्य बनाने के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के मंशा के अनुरूप सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय निर्माण की मांग पैदा करने और उसके शत्-प्रतिशत उपयोग को लिए गांव वालों को प्रेरित करने के लिए छात्र-छात्राओं के संगठन भारत स्काऊट्स एवं गाईड्स के एक लाख तीस हजार सदस्यों को अभियान से जोड़ा जाएगा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री केदार कश्यप ने आज यहां जल संसाधन विभाग के कार्यालय परिसर स्थित डाटा सेन्टर में सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान पर आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ किया। एक दिवसीय इस राज्य स्तरीय कार्यशाला में भारत स्काउट गाइड छत्तीसगढ़ के सदस्यों को ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम एवं सम्पूण्र्ा स्वच्छता अभियान के कार्यक्रमों विषय पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में स्काऊट गाइड को संबोधित करते हुए केदार कश्यप ने कहा कि सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान में स्काऊट गाइड के जुड़ने से शौचालय निर्माण के साथ ही उसके उपयोग के लिए प्रदेश में जागरूकता आयेगी। स्काऊट गाइड गांव वासियों में स्वच्छता के प्रति रूचि पैदा करेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान से स्वास्थ्य, शिक्षा और पंचायत विभागों को भी जोड़ा गया है। ये विभाग सीधे गांव वालों से जुड़े होते है इनके माध्यम से स्वच्छ वातावरण बनाने के काम में और तेजी आयेगी। श्री कश्यप ने कहा कि राज्य में पन्द्रह लाख परिवारों के घरों में स्वच्छ शौचालय बनाये गये हैं, शत-प्रतिशत स्कूलों और आंगनबाड़ियों में स्वच्छता परिसरों का निर्माण पूर्णता की ओर है। राज्य में जल संवर्धन का काम भी तेजी से हो रहा है। श्री कश्यप ने कहा कि जल संरक्षण एवं संवर्धन और सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन के रूप में चलाया जाएगा। अभी राज्य स्तर पर कार्यशाला आयोजित कर स्काऊट्-गाइड्स का अभियान के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आगे जिला और ब्लाक स्तर पर तथा आवश्यकता पड़ने पर पंचायत स्तर पर भी कार्यशाला आयोजित कर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
संसदीय सचिव श्री महेश गागड़ा ने कहा कि देश का हृदय गांव में बसता है। इन गांवों को निर्मल बनाने सबको मिल-जुलकर काम करना होगा। कार्यशाला को स्काऊट-गाइड्स के मुख्य राज्य आयुक्त श्री विनोद खाण्डेकर, संचार क्षमता विकास इकाई के संचालक श्रीमती यास्मीन सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यशाला में दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा) के विधायक श्री भीमा मण्डावी विशेष रूप से उपस्थित थे।
कार्यशाला में स्काऊट्स-गाइड्स को पेयजल एवं स्वच्छता अभियान के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा स्काऊट्स गाइड्स के माध्यम से स्वच्छता गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु रणनीति तय करने के साथ ही समुदायों में स्वच्छता व्यवहारों को बढ़ावा देने में स्काऊट गाइड की भूमिका का भी निर्धारण किया गया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में राज्य भर से आये स्काऊट गाइड उपस्थित थे।
क्रमांक-2664/सी.एल.

